देश की खबरें | केरल में व्यक्ति पर हमला करने के आरोप में 59 महिलाओं पर मामला दर्ज

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के त्रिशूर जिले में 59 महिलाओं के एक गिरोह ने एक अन्य महिला की तस्वीर से छेड़छाड़ कर बनाई गई तस्वीरें सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित करने का आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति पर कथित रूप से हमला किया।

त्रिशूर (केरल), सात जनवरी केरल के त्रिशूर जिले में 59 महिलाओं के एक गिरोह ने एक अन्य महिला की तस्वीर से छेड़छाड़ कर बनाई गई तस्वीरें सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित करने का आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति पर कथित रूप से हमला किया।

पुलिस ने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनमें से 11 को गिरफ्तार कर लिया गया है।

आरोपी यहां एक आध्यात्मिक ‘‘रिट्रीट सेंटर’’ की सदस्य हैं। उन्होंने शाजी पर उस समय हमला किया जब वह बृहस्पतिवार शाम एक कार में पांच अन्य लोगों के साथ कहीं जा रहा था।

व्यक्ति को घसीटते हुए और बेरहमी से पीटती हुई महिलाओं का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। वीडियो में कुछ महिलाओं को व्यक्ति पर लाठी से हमला करते भी देखा जा सकता है।

पुलिस ने बताया कि पास के मुरियाद के रहने वाले शाजी का अब भी एक अस्पताल में इलाज हो रहा है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति और उसके परिवार ने हाल ही में ‘‘रिट्रीट सेंटर’’ से अपना नाता तोड़ लिया था।

जिस वक्त यह घटना हुई उस समय कार में पीड़ित के परिवार के पांच अन्य सदस्य भी थे। यह घटना सेंटर परिसर के बाहर हुई थी।

घटना में परिवार के सदस्यों को भी मामूली चोटें आईं और हमले में वाहन का शीशा टूट गया।

पुलिस ने पीटीआई- को बताया, ‘‘व्यक्ति की शिकायत के अनुसार, महिलाओं ने इस गलतफहमी के चलते उस पर हमला किया कि उसने रिट्रीट सेंटर से संबंधित एक महिला की तस्वीर से छेड़छाड़ कर बनाई गई तस्वीरों को प्रसारित किया था।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now