देश की खबरें | पंजाब में पराली जलाने की 3,230 घटनाएं, हरियाणा के कुछ हिस्सों में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब में रविवार को खेतों में पराली जलाने की 3,230 घटनाएं हुईं जो इस मौसम में अब तक की सबसे अधिक संख्या है। हरियाणा के बड़े हिस्से में वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ से ‘गंभीर’ की श्रेणी में दर्ज की गई।

चंडीगढ़,पांच नवंबर पंजाब में रविवार को खेतों में पराली जलाने की 3,230 घटनाएं हुईं जो इस मौसम में अब तक की सबसे अधिक संख्या है। हरियाणा के बड़े हिस्से में वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ से ‘गंभीर’ की श्रेणी में दर्ज की गई।

पंजाब दूर संवेदी केन्द्र के आंकड़ों के अनुसार पंजाब में रविवार को 3,230 नयी घटनाओं के साथ ही इस मौसम में अब तक पराली जलाने की कुल 17,403 घटनाएं हुईं।

आंकड़ों के अनुसार नवंबर में खेतों में पराली जलाने के मामले इस मौसम में पराली जलाने की कुल घटनाओं का 56 प्रतिशत है। इस वर्ष 15 सितंबर से पांच नवंबर तक दर्ज की गई पराली जलाने की घटनाओं की संख्या हालांकि पिछले वर्ष की इसी अवधि के दौरान दर्ज की गई घटनाओं से 41 फीसदी कम है।

पंजाब में 2021 में इसी अवधि में पराली जलाने की कुल घटनाएं 28,792 हैं।

रविवार को पराली जलाने की 3,230 घटनाओं में से सबसे ज्यादा संगरूर में 551 घटनाएं हुईं। इसके बाद फिरोजपुर में 299, मनसा में 293, बठिंडा में 247, बरनाला में 189, मोगा में 179, तरनतारन में 177 और पटियाला में 169 घटनाएं हुईं।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में बठिंडा में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 375, मंडी गोबिंदगढ़ में 291, खन्ना में 255, पटियाला में 248 और लुधियाना में 243 दर्ज की गई।

हरियाणा में कई स्थानों पर वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई।

फरीदाबाद में एक्यूआई 450 ,फतेहाबाद में 442, कैथल में 434, हिसार में 427, गुरुग्राम में 402, जींद में 401, सिरसा में 390, रोहतक में 362, पानीपत में 346, कुरूक्षेत्र में 330 और करनाल में 319 रही।

पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में एक्यूआई 212 रहा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now