देश की खबरें | असम में 2022 में गर्भवती महिलाओं में 17 प्रतिशत किशोर थीं: हिमंत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बाल विवाह के खिलाफ कार्रवाई को सही ठहराते हुए सोमवार को कहा कि पिछले साल 6.2 लाख से अधिक गर्भवती महिलाओं में से लगभग 17 प्रतिशत किशोरी थीं।
गुवाहाटी, छह फरवरी असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बाल विवाह के खिलाफ कार्रवाई को सही ठहराते हुए सोमवार को कहा कि पिछले साल 6.2 लाख से अधिक गर्भवती महिलाओं में से लगभग 17 प्रतिशत किशोरी थीं।
शर्मा ने प्रजनन एवं बाल स्वास्थ्य (आरसीएच) पोर्टल के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 2022 में 6,20,867 पंजीकृत गर्भवती महिलाएं थीं।
मुख्यमंत्री द्वारा साझा किए गए आरसीएच पोर्टल के आंकड़ों के मुताबिक, कुल गर्भवती महिलाओं में से 1,04,264 19 साल या उससे कम उम्र की थीं, जो गर्भवती महिलाओं का करीब 16.79 प्रतिशत है।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘बाल विवाह के खिलाफ हमारा अभियान सार्वजनिक स्वास्थ्य और जनकल्याण के लिए है क्योंकि असम में किशोर गर्भावस्था अनुपात काफी खतरनाक है। हम अपने उद्देश्य को पूरा करने तक इस अभियान को जारी रखने का संकल्प लेते हैं।’’
बराक घाटी, मोरीगांव और धुबरी में विरोध प्रदर्शन के बीच, असम में बाल विवाह के खिलाफ कार्रवाई सोमवार को चौथे दिन में प्रवेश कर गई। राज्य भर में दर्ज 4,074 प्राथमिकियों के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की संख्या बढ़कर 2,441 हो गई।
मुख्यमंत्री ने राज्य के लोगों से "इस हानिकारक प्रवृत्ति" को नियंत्रित करने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह भी किया।
आरसीएच पोर्टल के आंकड़े से पता चलता है कि दक्षिण सलमारा सहित अविभाजित धुबरी जिले में सबसे अधिक 14,438 गर्भवती किशोरी हैं, इसके बाद नौगांव में 12,188 गर्भवती किशोरी और बारपेटा में 11,658 गर्भवती किशोरी हैं।
वर्ष 2022 में गर्भवती किशोरियों की अधिक संख्या वाले अन्य जिलों में गोलपाड़ा (6,250), कामरूप (4,773), दारंग (4,584), मोरीगांव (4,254) और कछार (4,049) शामिल हैं।
मुख्यमंत्री शर्मा ने आंकड़ों के हवाले से कहा कि पर्वतीय जिले दीमा हसांव में 2022 में सबसे कम 431 गर्भवती किशोरी थीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)