देश की खबरें | ब्रिटेन से लौटे 14 और लोग वायरस के नए ‘स्ट्रेन’ से संक्रमित, कुल मामले बढ़कर 20 हुए
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 30 दिसंबर ब्रिटेन से भारत लौटे 14 और लोग सार्स-कोव-2 के नए प्रकार (स्ट्रेन) से संक्रमित पाए गए हैं जिससे देश में अब तक सामने आए इस तरह के मामलों की कुल संख्या 20 हो गई है। पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में भी इस तरह के मामले सामने आए हैं।

सतर्कता बरत रही सरकार ने ब्रिटेन और भारत के बीच यात्री उड़ानों पर अस्थायी रोक सात जनवरी तक एक सप्ताह के लिए और बढ़ा दी तथा कहा कि इसके बाद सेवाएं ‘‘कड़े नियमों’’ के साथ शुरू होंगी।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार महाराष्ट्र, ओडिशा, कर्नाटक और पंजाब जैसे राज्यों में ब्रिटेन से लौटे कुछ लोगों का पता नहीं लगाया जा सका है और इन लोगों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

केंद्र ने 25 नवंबर से 23 दिसंबर की मध्य रात्रि तक भारत पहुंचे लगभग 33,000 यात्रियों और उनके संपर्क में आए लोगों का पता लगाकर उनकी आरटी-पीसीआर जांच कराए जाने तथा संक्रमित नमूनों को ‘जीनोम सीक्वेंसिंग’ के लिए भेजने का पिछले सप्ताह निर्देश दिया था।

नए स्ट्रेन का पता लगाने के लिए सरकार ने अब नौ से 22 दिसंबर तक भारत पहुंचे और कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए या लक्षणयुक्त पाए गए सभी यात्रियों के नमूने ‘जीनोम सीक्वेंसिंग’ के लिए भेजने का निर्देश दिया है।

विशेषज्ञों ने उल्लेख किया है कि अब तक यह नहीं पाया गया है कि नया स्ट्रेन बीमारी की गंभीरता को बढ़ा देता है, यद्यपि यह काफी अधिक संक्रामक है।

कोरोना वायरस के नए प्रकार के संक्रमण के कम से कम छह मामले सोमवार को सामने आए। राज्यों के अधिकारियों के अनुसार ब्रिटेन से लौटे लोगों में पश्चिम बंगाल में एक और उत्तर प्रदेश में दो मामले सामने आए हैं।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केन्द्र (एनसीडीसी) में जांच के दौरान कोरोना वायरस के नए प्रकार के आठ मामले पाए गए हैं।

आधिकरिक सूत्रों ने कहा कि इन आठ लोगों में से एक महिला दिल्ली से ट्रेन के जरिए आंध्र प्रदेश चली गई और सात अन्य राष्ट्रीय राजधानी स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल में पृथक-वास में हैं।

मंत्रालय ने कहा कि कल्याणी (कोलकाता के पास) स्थित ‘नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ बायोमेडिकल जीनोमिक्स’ (एनआईबीएमजी) में एक मामला, पुणे के राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी) में एक मामला, बेंगलुरू के राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य एवं स्नायु विज्ञान अस्पताल (निमहांस) में सात मामले, हैदराबाद के कोशिकीय एवं आणविक जीव विज्ञान केंद्र (सीसीएमबी) में दो मामले तथा दिल्ली के जिनोमिकी और समवेत जीव विज्ञान संस्थान (आईजीआईबी) में वायरस के नए स्ट्रेन का एक मामला सामने आया है।

उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि मेरठ और गौतमबुद्ध नगर में दो मामले पाए गए हैं तथा उनके संपर्क में आए लोगों के नमूने भी लिए जा रहे हैं।

पश्चिम बंगाल एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी का बेटा दस दिन पहले लंदन से लौटने के बाद कोरोना वायरस के नए प्रकार से संक्रमित पाया गया है।

अधिकारी ने पीटीआई- से कहा कि इस युवक का कलकत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सुपर स्पेशलिटी विभाग में इलाज चल रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)