देश की खबरें | सहकारी समिति के खिलाफ हरियाणा में दर्ज प्राथमिकी में श्रेयस तलपड़े व आलोक नाथ समेत 13 नामजद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सोनीपत में एक सोसायटी के विरूद्ध धोखाधड़ी एवं विश्वासघात की शिकायत के सिलसिले में अभिनेताओं और ‘ब्रांड एंबेसडर’ श्रेयस तलपड़े और आलोक नाथ समेत 13 लोगों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सोनीपत (हरियाणा), 24 जनवरी सोनीपत में एक सोसायटी के विरूद्ध धोखाधड़ी एवं विश्वासघात की शिकायत के सिलसिले में अभिनेताओं और ‘ब्रांड एंबेसडर’ श्रेयस तलपड़े और आलोक नाथ समेत 13 लोगों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मुरथल, सोनीपत के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (एसीपी) अजीत सिंह ने बताया कि शिकायत एक ‘मल्टी मार्केटिंग’ कंपनी के खिलाफ थी, जिसकी जांच की जा रही है।

इन दोनों अभिनेताओं के बारे में एसीपी ने कहा, ‘‘आरोप है कि वे इसके ब्रांड एंबेसडर हैं और प्रभावित लोग उनके कारण ही निवेश के लिए आकर्षित हुए... शिकायत में उनके नाम भी थे। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अब जांच की जाएगी कि उनकी क्या भूमिका थी।’’

तत्काल इन दोनों अभिनेताओं की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

सोनीपत के निवासी विपुल अंतिल (37) की शिकायत पर 22 जनवरी की शाम आपराधिक विश्वासघात एवं धोखाधड़ी से संबद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी थी।

दोनों अभिनेताओं के संबंध में अंतिल ने आरोप लगाया कि ‘ब्रांड एंबेसडर’ के रूप में दोनों ने ‘ह्यूमन वेलफेयर क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड’ को बढ़ावा दिया।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सोसायटी ने ‘वित्तीय योजनाओं के माध्यम से जनता को ठगने का गंभीर अपराध’ किया है। शिकायत के अनुसार इस सोसायटी का गठन बहुराज्यीय सहकारी समिति अधिनियम के तहत किया गया था और इसने 16 सितंबर, 2016 से हरियाणा समेत कई राज्यों में काम करना शुरू कर दिया था।

उसमें कहा गया है, ‘‘इसका मुख्य कार्य सावधि जमा और आवर्ती जमा जैसी बचत योजनाएं प्रदान करना था। इसने खुद को एक भरोसेमंद और सुरक्षित वित्तीय संस्थान के रूप में पेश किया और निवेशकों को आकर्षित करने और उन्हें मनाने के लिए बड़े पैमाने पर प्रचार किया... यह मॉडल ‘मल्टी लेवल मार्केटिंग’ पर आधारित था, जिससे निवेशकों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई।’’

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बेहतर लाभ (रिटर्न) का वादा करते हुए सोसायटी ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि उनका पैसा सुरक्षित रहेगा और परिपक्वता राशि का भुगतान समय पर किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि शुरुआत में कुछ वर्षों तक उन्होंने ऐसा किया भी।

आरोप है कि 2023 में निवेशकों को परिपक्वता राशि के भुगतान में व्यवधान आने लगा और ‘सोसायटी के अधिकारी ‘सिस्टम अपग्रेडेशन’ का बहाना बनाकर देरी को सही ठहराने की कोशिश करते रहे।’

अंतिल ने आरोप लगाया, ‘‘जब निवेशक और एजेंट इन समस्याओं के बारे में सोसायटी के अधिकारियों से संपर्क करते थे, तो उन्हें झूठे आश्वासन दिए जाते थे। धीरे-धीरे सोसायटी के मालिकों ने सभी संपर्क समाप्त कर दिए और निवेशकों को उनकी मेहनत की कमाई वापस नहीं मिली।’’

संपर्क करने पर अंतिल ने दावा किया, ‘‘मैंने अपनी मेहनत की कमाई के 33 लाख रुपये गंवा दिए हैं। मेरी तरह कई अन्य निवेशक भी ठगे गए हैं।’’

जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने प्राथमिकी में दोनों अभिनेताओं का नाम क्यों लिखा है, तो अंतिल ने कहा, ‘‘दोनों अभिनेताओं ने ब्रांड एंबेसडर के तौर पर सोसायटी का प्रचार किया। इसके कारण कई आम लोग सोसायटी में निवेश करने के लिए आकर्षित हुए।’’

इस बीच, मामले में सोनीपत पुलिस के जांच अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच अब पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा करेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now