देश की खबरें | हाथरस मामला : मथुरा पुलिस की पकड़ में आए चार युवकों के संपर्क की छानबीन शुरू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मथुरा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये दिल्ली से हाथरस जा रहे चार युवकों के संपर्कों को लेकर पुलिस ने व्यापक छानबीन शुरू की है।
बहराइच/लखनऊ, छह अक्टूबर मथुरा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये दिल्ली से हाथरस जा रहे चार युवकों के संपर्कों को लेकर पुलिस ने व्यापक छानबीन शुरू की है।
अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने मंगलवार को बताया कि इन युवकों से प्रारंभिक पूछताछ में मिली जानकारी और इनसे जुड़े सभी मामलों की पड़ताल कराई जा रही है।
यह भी पढ़े | Power Supply Crisis in Uttar Pradesh: यूपी की योगी सरकार ने 15 जनवरी तक टाला बिजली के निजीकरण का फैसला.
मथुरा में सोमवार को पकड़े गये पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) से जुड़े चार सदस्यों में एक भारत-नेपाल सीमा पर स्थित उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले का रहने वाला है।
बहराइच के अपर पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानन्जय सिंह ने आज बताया कि मथुरा में पकड़े गये चार युवकों में से एक मसूद अहमद पुत्र शकील अहमद बहराइच जिले के जरवल रोड इलाके का निवासी है।
कुंवर ज्ञानन्जय सिंह ने बताया, "मथुरा में पकड़े गये बहराइच के मसूद के संपर्क व उसके मोबाइल मैसेजिंग डाटा को विवेचना में शामिल किया जाएगा। विदेशी से वित्तपोषण की बात भी सामने आई है उसमें जांच एजेंसियां गहराई से छानबीन करेंगी। अगर जरूरत पड़ी तो आर्थिक अपराध जांच एजेंसियों को शामिल कर मामले की तह तक पहुंचा जाएगा।"
पुलिस के अनुसार मसूद पीएफआई की छात्र इकाई सीएफआई से जुड़ा है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ये संगठन के सिद्धांतों पर काम करते हुए धार्मिक उन्माद फैलाकर साजिशन दंगा कराने व अशांति का माहौल कायम करने की कोशिश करते रहे हैं।
जरवल क्षेत्र के रहनेवाले मसूद के संपर्क के आधार पर चार और लोगों का पता चला है। पुलिस सर्विलांस (निगरानी)के माध्यम से पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही है।
ज्ञानन्जय ने बताया कि बहराइच के इसी जरवल थाना क्षेत्र से राम जन्म भूमि पूजन के दौरान पिछले पांच अगस्त को सोशल मीडिया के माध्यम से धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिश कर रहे पीएफआई से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
सिंह ने बताया कि कुछ सक्रिय असामाजिक तत्व भोले भाले लोगों को अपने जाल में फंसाकर सोशल मीडिया से जोड़ लेते हैं। इनसे सावधान रहने की जरूरत है। ये लोग सैद्धांतिक रूप से विद्वेष फैलाने की नीयत से अपने परिचित व अपरिचित मित्रों को सोशल मीडिया से जोड़कर नफरत फैलाने का अपना मकसद पूरा करने की चेष्टा करते हैं।
उन्होने बताया कि ऐसे साजिशकर्ताओं को बेनकाब कर उनके विरूद्ध सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गये हैं।
मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने मंगलवार को ‘पीटीआई-’ को बताया, "यहां से होकर बहुत से लोग हाथरस जाने की मांग कर रहे हैं। कानून व्यवस्था के दृष्टिगत इन्हें रोका जा रहा है। मसूद व चार अन्य युवकों के कब्जे से हाथरस में प्रदर्शन से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री मिली है। सभी के कब्जे से उक्त सामग्री व मोबाइल फोन आदि जब्त कर इन्हें धारा 151 के तहत अदालत भेजा गया है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)