Who Is Arjun Aravind? अमेरिका में भारतीय मूल के 17 वर्षीय किशोर पर मां और छोटे भाई की हत्या का आरोप; ChatGPT पर सर्च की थी 'फैमिली मर्डर' की थ्योरी
अमेरिका के मैसाचुसेट्स में भारतीय मूल के 17 वर्षीय अर्जुन अरविंद पर अपनी मां सुधा वेंकटेशन और 14 वर्षीय भाई सिद्धार्थ की हत्या का आरोप लगा है. जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपी ने वारदात से पहले इंटरनेट और ChatGPT पर परिवार की हत्या से जुड़ी सर्च की थी.
बोस्टन/न्यू यॉर्क: अमेरिका के मैसाचुसेट्स राज्य के एक्टन (Acton) शहर में भारतीय मूल के एक 17 वर्षीय किशोर अर्जुन अरविंद (Arjun Aravind) पर अपनी मां और 14 वर्षीय छोटे भाई की हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घर के भीतर ही दोनों पर जानलेवा हमला किया और मां की कार लेकर फरार हो गया.
मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने खुलासा किया है कि आरोपी हाल के दिनों में संदिग्ध व्यवहार दिखा रहा था और उसने वारदात से पहले इंटरनेट व एआई टूल ChatGPT पर अपने ही परिवार को जान से मारने से जुड़ी काल्पनिक थ्योरी और कहानियों की खोजबीन की थी.
कैसे सामने आई दिल दहला देने वाली घटना?
यह दुखद घटना मंगलवार (11 अगस्त 2026) की शाम को सामने आई, जब आरोपी के पिता ने पुलिस को फोन कर वेलफेयर चेक की अपील की. उन्होंने बताया कि सुबह काम पर जाने के बाद से वे अपनी पत्नी और बच्चों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं. घर आने वाले एक ट्यूटर ने भी दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब न मिलने की बात कही थी.
सूचना मिलने पर जब पुलिस एक्टन स्थित मारथा लेन (Martha Lane) वाले घर में दाखिल हुई, तो प्रथम तल पर 14 वर्षीय सिद्धार्थ अरविंद और बेसमेंट में 45 वर्षीया मां सुधा वेंकटेशन (Sudha Venkatesan) के शव बरामद हुए. दोनों के शरीर पर गंभीर चोटों (Obvious Trauma) के निशान थे। पुलिस के मुताबिक, हत्याएं मंगलवार सुबह पिता के काम पर निकलने और शाम को वेलफेयर चेक किए जाने के बीच के समय में की गईं.
कार पार्किंग में मिला आरोपी, पुलिस ने लिया हिरासत में
वारदात को अंजाम देने के बाद अर्जुन अपनी मां की होंडा एकॉर्ड (Honda Accord) कार लेकर मौके से फरार हो गया था. पुलिस ने पूरे इलाके में अलर्ट जारी किया.
बुधवार (12 अगस्त) की तड़के मैसाचुसेट्स के वेलैंड (Wayland) इलाके में एक कमर्शियल पार्किंग लॉट से पुलिस ने आरोपी को उसकी मां की कार के भीतर से बिना किसी विरोध के हिरासत में ले लिया.
अर्जुन अरविंद की गिरफ़्तारी का वीडियो सामने आया
अर्जुन अरविंद का पता चल गया है और लोगों की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है
ChatGPT पर की थी 'फैमिली मर्डर' की सर्च
मिडिलसेक्स काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी मैरियन रयान (Marian Ryan) और पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अर्जुन के डिजिटल डिवाइसेज की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं.
जांच से पता चला कि वह पिछले कुछ समय से इंटरनेट और ChatGPT जैसे एआई चैटबॉट का इस्तेमाल करके अपने परिवार को खत्म करने से जुड़े विचारों और गॉथिक काल्पनिक कहानियों पर रिसर्च कर रहा था.
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला, वयस्क की तरह चलेगा मुकदमा
अर्जुन अरविंद पर हत्या की दो धाराओं (Two counts of murder), घरेलू हिंसा, गंभीर हमले, बिना अनुमति वाहन का इस्तेमाल करने और गाड़ी चुराने की धाराएं लगाई गई हैं.
बुधवार को उसे लोवेल जूवेनाइल कोर्ट में पेश किया गया। हालांकि, हत्या जैसे संगीन अपराधों का अधिकार क्षेत्र जूवेनाइल कोर्ट के पास न होने के कारण उसे कॉनकॉर्ड डिस्ट्रिक्ट कोर्ट (Concord District Court) में स्थानांतरित किया जाएगा, जहां उस पर एक वयस्क (Adult) की तरह मुकदमा चलाया जाएगा. इस जघन्य हत्याकांड से स्थानीय समुदाय और स्कूल सिस्टम में गहरा शोक व्याप्त है.