विदेश

रूसी सैनिक अड्डे पर यूक्रेन का ड्रोन से बड़ा हमला

यूक्रेन ने रविवार को रूस के सैनिक अड्डे पर हमला कर बड़ा नुकसान पहुंचाने का दावा किया है.

रूसी सैनिक अड्डे पर यूक्रेन का ड्रोन से बड़ा हमला
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

यूक्रेन ने रविवार को रूस के सैनिक अड्डे पर हमला कर बड़ा नुकसान पहुंचाने का दावा किया है. अब तक मिली खबरों के मुताबिक यूक्रेन के सैकड़ों ड्रोन के हमले में कई बमवर्षक विमानों को नुकसान पहुंचा है.यूक्रेन की राजधानी कीव से हजारों किलोमीटर दूर मौजूद सैनिक अड्डे पर खड़े कई विमान इस हमले का निशाना बने हैं. कहा जा रहा है कि लगभग 2 अरब डॉलर के विमान इस हमले में नष्ट हुए हैं.

यूक्रेन की एसबीयू सिक्योरिटी सर्विस के एक सू्त्र ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि रूस के अंदर हमले का, "लक्ष्य मोर्चे से दूर दुश्मनों के बमवर्षक विमानों को तबाह करना था." सूत्रों का कहना है कि पूर्वी साइबेरियाई ओलेन्या के शहर बेलाया के साथ ही मॉस्को के पूर्व में मौजूद इवानोवो और ड्यागिलेवो को निशाना बनाया गया है.

हमले की चपेट में 40 विमान

बेलाया के सैनिक अड्डे पर 40 से ज्यादा विमान हमले की चपेट में आए हैं और इसके बाद वहां आग लग गई. कुछ ऐसे वीडियो भी हैं आए हैं जिनमें कई विमानों को जलते हुए देखा जा सकता है. हालांकि इन वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.

रूस के रक्षा मंत्री ने टेलिग्राम पर इस बात की पुष्टि की है कि कई सैन्य विमानों में "आग लग गई" है. रूसी इर्कुस्क इलाके के गवर्नर इगोर कोबजेव का कहना है कि, "साइबेरिया में यह इस तरह का पहला हमला था."

इससे पहले यूक्रेन ने कहा था कि रूसी सेना के हमले में कम से कम 12 यूक्रेनी सैनिकों की मौत हुई है. रूस की ओर से यह हमला सेना के ट्रेनिंग सेंटर पर किया गया था. इसके बाद थल सेना के कमांडर ने इस्तीफा दे दिया.

रूसी इलाके में दो पुल गिरे

रूस का कहना है कि यूक्रेन की सीमा से लगते इलाके में दो पुल गिर गए हैं. इन्हें विस्फोटकों के जरिए गिराया गया है. उन्होंने इसे "आतंकवाद की कार्रवाई" कहा हालांकि इसके लिए यूक्रेन को तत्काल जिम्मेदार नहीं बताया है.

पिछले कुछ दिनों से यूक्रेन की सीमा से लगते सुमी इलाके में रूसी सैनिक आगे बढ़ रहे हैं. दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ हवाई हमले किए हैं.

इस बीच रविवार को यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि वह एक यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल रूसी अधिकारियों से बातचीत के लिए इस्तांबुल भेज रहे हैं. यूक्रेनी दल का नेतृत्व रक्षा मंत्री रुस्तम उमेरोवन करेंगे. यह बातचीत सोमवार को होनी है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 01, 2025 10:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).