विदेश

इंडोनेशिया: भूकंप के बाद आई सुनामी से मची तबाही, 384 लोगों की हुई मौत

इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप में शुक्रवार को रिक्टर पैमाने पर 7.5 तीव्रता का भूकंप आने के बाद आई सुनामी के चलते हुए हादसों में अधिकारियों ने 384 लोगों की मौत होने की पुष्टि की है.

इंडोनेशिया: भूकंप के बाद आई सुनामी से मची तबाही, 384 लोगों की हुई मौत
प्रतीकात्मक तस्वीर: (Photo Credit:IANS)

जकार्ता: इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप में शुक्रवार को रिक्टर पैमाने पर 7.5 तीव्रता का भूकंप आने के बाद आई सुनामी के चलते हुए हादसों में अधिकारियों ने 384 लोगों की मौत होने की पुष्टि की है. आपदा एजेंसी के एक अधिकारी ने शनिवार को कहा कि मध्य प्रांत में डोंगला जिले में तलिसा बीच के पास 6.0, 7.4 और 6.1 तीव्रता के भूकंप के तीन झटके आने के बाद आई सुनामी के चलते सैकडों लोग घायल हो गए हैं और कई घर मलबे में तब्दील हो गए है.

बीबीसी के मुताबिक, सुलावेसी द्वीप के शहर पालू में सुनामी के चलते समुद्र की लहरे दो मीटर की ऊंचाई तक पहुंच गईं. सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में लोग चीखते-चिल्लाते हुए भागते नजर आ रहे हैं. राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता सुतोपो पुरवो नुग्रोहो ने कहा कि सभी पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाया गया है. पालू में 300,000 से ज्यादा लोग रहते हैं. समाचार पत्र 'द जकार्ता पोस्ट' ने बताया कि पालू में राहत व बचाव कार्य के लिए हरक्युलस विमान को तैनात किया गया है. भूकंप शुक्रवार शाम करीब छह बजे आया था. सुनामी आने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन घंटेभर के भीतर ही चेतावनी वापस ले ली गई.

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 29, 2018 02:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).