विदेश

PM Modi in Rome: प्रधानमंत्री मोदी पोप फ्रांसिस से मिले, 20 मिनट का था फिक्स टाइम पर 1 घंटे चली मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पोप फ्रांसिस से पहली बार आमने-सामने बैठक की और इस दौरान दोनों के बीच धरती को बेहतर बनाने के लिये जलवायु परिवर्तन से लड़ने तथा गरीबी को दूर करने जैसे कई मुद्दों पर चर्चा हुई.

PM Modi in Rome: प्रधानमंत्री मोदी पोप फ्रांसिस से मिले, 20 मिनट का था फिक्स टाइम पर 1 घंटे चली मुलाकात
नरेंद्र मोदी और पोप (Photo Credits: Twitter)

वैटिकन सिटी:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के यूरोप दौरे का आज दूसरा दिन है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पोप फ्रांसिस से मुलाकात की. पोप फ्रांसिस से मोदी की यह पहली मुलाकात थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पोप फ्रांसिस से आमने-सामने बैठक की और इस दौरान दोनों के बीच धरती को बेहतर बनाने के लिये जलवायु परिवर्तन से लड़ने तथा गरीबी को दूर करने जैसे कई मुद्दों पर चर्चा हुई. मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं, जिनसे फ्रांसिस ने 2013 में पोप बनने के बाद मुलाकात की है.

इससे पहले किसी भारतीय प्रधानमंत्री की किसी पोप से आखिरी मुलाकात 1999 में हुई थी, जब अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री थे और पोप जॉन पॉल द्वितीय भारत आए थे. सूत्रों ने बताया कि मोदी के प्रधानमंत्री के तौर पर कार्यकाल के दौरान पोप को भारत आने का न्योता दिया गया है.

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Narendra Modi (@narendramodi)

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और पोप फ्रांसिस के बीच बैठक का समय केवल 20 मिनट निर्धारित था, लेकिन यह एक घंटे तक चली. सूत्रों ने कहा कि दोनों ने धरती को बेहतर बनाने के लिये जलवायु परिवर्तन से लड़ने तथा गरीबी को दूर करने जैसे कई मुद्दों पर चर्चा की.

वैटिकन में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और विदेश मंत्री एस जयशंकर भी मोदी के साथ मौजूद थे. प्रधानमंत्री ने वैटिकन सिटी के विदेश मंत्री कार्डिनल पिएत्रो पारोलिन से भी मुलाकात की.

ऐतिहासिक बैठक से पहले विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने शुक्रवार को कहा था कि प्रधानमंत्री की पोप के साथ अलग से बैठक होगी.

रोम में संवाददाता सम्मेलन के दौरान उन्होंने कहा, ''वह पोप से व्यक्तिगत मुलाकात करेंगे.''

श्रृंगला ने कहा था, ''कल, प्रधानमंत्री परम पावन पोप फ्रांसिस से वैटिकन सिटी में भेंट करेंगे, और उसके बाद वह जी 20 सत्रों में भाग लेंगे, जहां वह और भी द्विपक्षीय बैठकें करेंगे. हम आपको जानकारी देते रहेंगे.''

उन्होंने कहा था कि बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हो सकती है. श्रृंगला ने बताया था कि वैटिकन ने वार्ता के लिए कोई एजेंडा तय नहीं किया है. श्रृंगला ने कहा था, ‘‘ मेरा मानना है कि परंपरा है कि जब परम पावन (पोप) से चर्चा होती है तो कोई एजेंडा नहीं होता और हम इसका सम्मान करते हैं. मैं आश्वस्त हूं कि इस दौरान आम तौर पर वैश्विक परिदृश्य और उन मुद्दों को लेकर जो हमारे लिए महत्वपूर्ण है, चर्चा में शामिल होंगे.’’

उन्होंने कहा, ‘‘कोविड-19, स्वास्थ्य के मुद्दे, कैसे हम साथ काम कर सकते हैं...ये कुछ विषय हैं जिनपर मेरा मानना है कि आमतौर पर चर्चा होगी.’’

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 30, 2021 03:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).