पाकिस्तान ने किया मिसाइल परीक्षण, भारत ने ब्लॉक किए सेलिब्रिटी अकाउंट
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव और बढ़ गया है.
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव और बढ़ गया है. पाकिस्तान ने एक नई बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया है, जो 450 किलोमीटर तक मार कर सकती है.कश्मीर में हालिया आतंकी हमले को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर है. इस बीच शनिवार (4 मई) को पाकिस्तान ने सतह से सतह पर मार करने वाली बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया. भारत ने भी व्यापार, डाक सेवा और सोशल मीडिया पर कई नए प्रतिबंध लगाए हैं.
पाकिस्तानी सेना ने बयान में कहा कि यह परीक्षण "अब्दाली वेपन सिस्टम" का था, जिसकी मारक क्षमता 450 किलोमीटर है. सेना ने कहा कि इसका उद्देश्य "सेना की ऑपरेशनल तत्परता सुनिश्चित करना और मिसाइल के उन्नत नेविगेशन सिस्टम और गतिशीलता क्षमताओं की पुष्टि करना" था.
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस सफल परीक्षण के लिए वैज्ञानिकों और सेना को बधाई दी. इस्लामाबाद स्थित सुरक्षा विश्लेषक सैयद मोहम्मद अली ने कहा, "इस मिसाइल का नाम भारत के एक प्रसिद्ध मुस्लिम हमलावर के नाम पर रखा गया है, जो इसकी प्रतीकात्मक अहमियत को दिखाता है. इस परीक्षण का समय मौजूदा भू-राजनीतिक हालात में बेहद अहम है."
भारत ने इस मिसाइल परीक्षण पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है. पहलगाम हमले में 26 पर्यटक मारे गए थे. भारत ने हमले के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया है. हालांकि, पाकिस्तान ने इस आरोप से इनकार किया है.
युद्ध की संभावना नहीं
पहलगाम हमले के कारण राष्ट्रीय स्तर पर उभरे असंतोष और गुस्से को रेखांकित करते हुए भारतीय विदेश मंत्रालय के सलाहकार अशोक मलिक ने कहा, "पूरे देश में इस हमले को लेकर गुस्सा है. 26 पीड़ित 13 राज्यों से थे. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के प्रति सहानुभूति है और पाकिस्तान को लेकर धैर्य कम होता जा रहा है." दोनों देशों के बीच संघर्ष की आशंकाओं के पर उन्होंने कहा, "भारत एक पूर्ण युद्ध नहीं चाहता, लेकिन घरेलू दबाव और कूटनीतिक स्थिति ऐसी है कि एक सीमित और सटीक जवाब की संभावना बनती है."
4 मई को भारतीय सेना ने दावा किया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने लगातार नौवीं रात सीमा पार से गोलीबारी की. सेना ने इसे "उकसावे वाली फायरिंग" बताया और कहा कि भारतीय सेना ने "तुरंत और संतुलित" जवाब दिया. पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी की पुष्टि नहीं की गई. स्वतंत्र रूप से इस घटना की पुष्टि नहीं हो सकी है.
इसी बीच, भारत ने पाकिस्तान से आने वाली सभी डाक सेवाएं तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दीं. इसके अलावा, भारत ने पाकिस्तानी झंडे वाले जहाजों को अपने बंदरगाहों में प्रवेश से रोक दिया और भारतीय जहाजों को पाकिस्तानी बंदरगाहों पर जाने से भी मना कर दिया.
भारत सरकार के संचार मंत्रालय ने कहा, "पाकिस्तान से सभी श्रेणियों की डाक और पार्सल की आवाजाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है." भारत पहले ही पाकिस्तान के नागरिकों को देश से निकलने का आदेश दे चुका है, सीमा पार आना-जाना बंद किया जा चुका है और दोनों देश अपने-अपने हवाई क्षेत्र को एक-दूसरे के लिए बंद कर चुके हैं.
सोशल मीडिया पर कार्रवाई
सांस्कृतिक मोर्चे पर भी भारत ने कठोर रुख अपनाया है. 28 अप्रैल को भारत ने 12 से अधिक पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों को "उकसाने वाली सामग्री" फैलाने के आरोप में बंद किया था. अब 4 मई को सोशल मीडिया पर नई कार्रवाई करते हुए नई दिल्ली ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और क्रिकेटर इमरान खान का इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया.
बॉलीवुड में लोकप्रिय पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान और गायक आतिफ असलम भी इस सूची में शामिल हैं. इसके अलावा क्रिकेटर बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान, शाहिद अफरीदी और वसीम अकरम के अकाउंट पहले ही भारतीय यूजर्स के लिए ब्लॉक कर दिए गए हैं. ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अरशद नदीम का अकाउंट भी भारत में दिखना बंद हो गया है. भारत में इन अकाउंट्स को खोलने पर यह संदेश दिखता है: कानूनी अनुरोध के अनुपालन में यह सामग्री उपलब्ध नहीं है."
सीमा पार, वाघा बॉर्डर पर 4 मई की फ्लैग-डाउन परेड में बड़ी संख्या में पाकिस्तानी नागरिक पहुंचे. एक दर्शक शोएब-उर-रहमान ने कहा, "इस कार्यक्रम को देखकर मेरे अंदर देशभक्ति की भावना जाग उठती है." उन्होंने युद्ध का विरोध किया, लेकिन यह भी कहा कि युद्ध की स्थिति में वह सेना के साथ खड़े होंगे.
एक और दर्शक, सुंदरस बटूल ने कहा, "भारत को पहले सबूत देने चाहिए कि हमले में पाकिस्तान शामिल था." उन्होंने भारत को संदेश देते हुए कहा, "हम हर हालात के लिए तैयार हैं." भारत और पाकिस्तान के बीच यह तनावपूर्ण स्थिति कब तक चलेगी, यह कहना मुश्किल है, लेकिन फिलहाल दोनों ओर से 'पावर शो' और कड़ी बयानबाजी जारी है.
(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2025 01:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

