Nepal Flood Rescue: नेपाल की पहली महिला हेलीकॉप्टर कैप्टन प्रिया अधिकारी ने 6 दिनों में पूरे किए 100 रेस्क्यू मिशन, बचाई सैकड़ों लोगों की जान

कैप्टन प्रिया अधिकारी की बहादुरी की कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. लोग उन्हें नेपाल की 'रियल हीरो' बता रहे हैं. कई यूजर्स ने लिखा कि ऐसे मुश्किल समय में उनका योगदान हजारों लोगों के लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आया है.

Nepal Flood Rescue: नेपाल में हाल ही में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बीच राहत और बचाव अभियान में एक नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है. नेपाल की पहली महिला हेलीकॉप्टर कैप्टन प्रिया अधिकारी (Priya Adhikari) ने महज 6 दिनों में करीब 100 हाई-एल्टीट्यूड रेस्क्यू मिशन पूरे कर मिसाल कायम की है. कठिन मौसम और बेहद चुनौतीपूर्ण पहाड़ी इलाकों में लगातार उड़ान भरते हुए उन्होंने फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने में अहम भूमिका निभाई है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेपाल-तिब्बत सीमा के पास आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन में 1,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हजारों लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. बचाव अभियान मुख्य रूप से रसुवा जिले के तिमुरे (Timure, Rasuwa) समेत उन इलाकों में चलाया गया, जहां सड़क संपर्क पूरी तरह टूट चुका था.

लगातार 6 दिनों तक चलाया रेस्क्यू अभियान

कैप्टन प्रिया अधिकारी ने लगातार छह दिनों तक लगभग बिना रुके हेलीकॉप्टर उड़ाकर राहत कार्यों को अंजाम दिया. उन्होंने संकरी हिमालयी घाटियों, ऊंचे पहाड़ी दर्रों और भूस्खलन से प्रभावित इलाकों में कई बार लैंडिंग कर फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया. कई मिशनों में उन्होंने मृतकों के शवों को भी बाहर निकालने में मदद की.

बेहद चुनौतीपूर्ण थे हालात

बाढ़ और भूस्खलन के कारण कई इलाकों में हेलीकॉप्टर उतारना बेहद जोखिम भरा था. संकरी घाटियां, खराब मौसम और अस्थिर जमीन के बावजूद प्रिया अधिकारी ने अपने अनुभव और साहस का परिचय देते हुए राहत अभियान जारी रखा. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर लोग उनकी जमकर सराहना कर रहे हैं.

सोशल मीडिया पर मिल रही खूब तारीफ

कैप्टन प्रिया अधिकारी की बहादुरी की कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. लोग उन्हें नेपाल की 'रियल हीरो' बता रहे हैं. कई यूजर्स ने लिखा कि ऐसे मुश्किल समय में उनका योगदान हजारों लोगों के लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आया है.

Share Now