स्पेन के सेउता पहुंचने की कोशिश करते प्रवासियों को मोरक्को ने रोका
सेउता, उत्तरी अफ्रीका में मोरक्को की सीमा से लगा एक इलाका है, जो स्पेन का भू-भाग है.
सेउता, उत्तरी अफ्रीका में मोरक्को की सीमा से लगा एक इलाका है, जो स्पेन का भू-भाग है. करीब दो हफ्ते पहले 72,000 लोग यहां अचानक दाखिल हो गए थे. 15 अगस्त को फिर से प्रवासियों ने सेउता में दाखिल होने की कोशिश की.मोरक्को पुलिस ने शनिवार, 15 अगस्त को सीमा पार करके स्पेन के उत्तरी अफ्रीकी भू-भाग सेउता में जाने की कोशिश करने वाले सैकड़ों लोगों को हिरासत में ले लिया. इससे करीब दो हफ्ते पहले 72,000 प्रवासी सेउता में दाखिल हो गए थे. अचानक आई इस भीड़ ने स्पेन और यूरोपीय संघ के अन्य देशों के बीच तनाव बढ़ा दिया था.
ताजा कार्रवाई की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने अपना नाम न बताने की शर्त पर न्यूज एजेंसी एएफपी को बताया कि सेउता की ओर "यह एक नियमित ऑपरेशन है, जिसका मकसद अवैध प्रवासन की कोशिशों को रोकना है." इस बीच, मोरक्को के मीडिया संस्थान लु360 ने एक रिपोर्ट में कहा है कि पुलिस ने 294 लोगों को हिरासत में लिया है.
सोशल मीडिया पर घुसपैठ की अपीलें
इस हफ्ते की शुरुआत में मोरक्को प्रशासन ने बताया था कि वह 15 अगस्त को सामूहिक रूप से सीमा पार करने की अपील करने वाले "अज्ञात सोशल मीडिया पोस्ट और मैसेज" पर कड़ी नजर रख रहा है. उसने चेतावनी भी दी थी कि ऐसी अपील करने वालों और इसमें शामिल होने वाले लोगों पर कानूनी कार्रवाई होगी.
चश्मदीदों के मुताबिक, सेउता और पूर्व की ओर स्थित दूसरे स्पैनिश इलाके मेलिला के आसपास मोरक्को पुलिस ने भारी सुरक्षा बल तैनात किया था. स्पेन के सरकारी ब्रॉडकास्टर आरटीवीई के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने कई चेकपॉइंट बनाए हैं, गश्ती नावें तट की निगरानी कर रही हैं और सीमा पर वॉटर कैनन भी तैनात किए गए हैं.
स्पैनिश मीडिया को नजदीकी शहर छोड़ने का आदेश
स्पेन की न्यूज एजेंसी ईएफई और आरटीवीई ने बताया कि मोरक्को के गृह मंत्रालय के एक प्रतिनिधि ने बिना कोई वजह बताए उनके पत्रकारों को तुरंत फनिदेक छोड़ने का आदेश दिया. मोरक्को के उस अफसर ने कहा कि वे सिर्फ "ऊपर से मिले निर्देशों का पालन" कर रहे हैं. फनिदेक, सेउता के साथ लगता मोरक्को का इलाका है. यहां से जमीन और समंदर के रास्ते सेउता की सीमा तक कुछ मिनटों में पहुंचा जा सकता है.
ईएफई के अध्यक्ष मिगेल एंजेल ओलिवर ने मोरक्को प्रशासन से स्वतंत्र, "जिम्मेदार और गंभीर पत्रकारिता" का सम्मान करने की अपील की. आरटीवीई के अध्यक्ष, होसे पाब्लो लोपेज ने भी मोरक्को प्रशासन से "पूरी सुरक्षा और पूरे सम्मान" की मांग की, ताकि उनके पत्रकार "सीमावर्ती इलाके में कहीं भी आजादी से अपना काम कर सकें."
स्पेन ने बढ़ाई सुरक्षा
30 जुलाई से 31 जुलाई के बीच सेउता में भारी संख्या में लोग आने शुरू हुए थे. अगस्त के शुरुआती दिनों तक यह सिलसिला जारी रहा. आंकड़ों के मुताबिक, करीब 72,000 लोग सेउता में घुस आए थे, हालांकि स्पेन ने इनमें से ज्यादातर लोगों को वापस मोरक्को भेज दिया है.
सीमा पर मची इस अफरा-तफरी में करीब 100 लोगों की मौत हो गई थी. तब से स्पेन सरकार ने इस इलाके में सुरक्षा काफी कड़ी कर दी है, समुद्र में बैरियर लगाए गए हैं और स्पेन से 500 से ज्यादा अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया है. स्पेन के गृह मंत्रालय ने कहा है कि जब तक जरूरत होगी, ये सुरक्षा बल वहीं तैनात रहेंगे. गृह मंत्री फर्नांदो ग्रांदे-मार्लास्का ने गुरुवार को कहा, "हम जल्द से जल्द हालात सामान्य करने और 30 जुलाई जैसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए जितने भी जवानों की जरूरत होगी, उन्हें तैनात रखेंगे."
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 16, 2026 02:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

