विदेश

LIVE: दिनभर की ताजा खबरें और अपडेट

दुनियाभर की सभी खबरों और जरूरी अपडेट के लिए हमारे इस लाइव पेज के साथ जुड़े रहें.

LIVE: दिनभर की ताजा खबरें और अपडेट
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

दुनियाभर की सभी खबरों और जरूरी अपडेट के लिए हमारे इस लाइव पेज के साथ जुड़े रहें. हम आपके लिए देश और दुनिया के अलावा खेल, राजनीति, विज्ञान से जुड़ी खबरें लेकर हाजिर हैं. बस इस पेज पर बने रहें.- पाकिस्तान के “आर्थिक मामलों के मंत्रालय का एक्स अकांउट हैक हुआ”

- पंजाब के कई शहरों में ब्लैकआउट के बीच बेचैनी में कटी रात

- चंडीगढ़ में वायुसेना ने दी चेतावनी, अमृतसर में घरों के अंदर रहने की अपील

राजनाथ सिंह ने तीनों सेना प्रमुखों के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक की

भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को देश की मौजूदा सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की. यह उच्चस्तरीय बैठक नई दिल्ली के साउथ ब्लॉक में हुई, जिसमें भारतीय सेना के उच्च अधिकारी शामिल हुए. चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी, वायुसेना प्रमुख मार्शल एपी सिंह और रक्षा सचिव आरके सिंह इस बैठक में शामिल हुए.

भारत के गृह मंत्री अमित शाह ने भी शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई. बैठक में उन्होंने सीमा पर मौजूदा स्थिति और हवाई अड्डों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. इस बैठक में गृह सचिव गोविंद मोहन, इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक तपन डेका, सीमा सुरक्षा बल बीएसएफ के महानिदेशक दलजीत चौधरी, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के महानिदेशक आरएस भट्टी और नागरिक उड्डयन ब्यूरो के महानिदेशक राजेश निर्वान उपस्थित रहे.

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, बैठक में मौजूद अधिकारियों ने गृह मंत्री को सुरक्षा तैयारियों और मौजूदा जमीनी हालात के बारे में बताया. शाह ने गुरुवार रात को भी सीमा की सुरक्षा करने वाले सभी बलों के महानिदेशकों से बात की थी और भारत की मौजूदा सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की थी.

रक्षा मंत्रालय ने मीडिया कवरेज के लिए जारी की एडवाइजरी

भारत के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को एक एडवाइजरी जारी करते हुए सभी मीडिया संस्थानों को सैन्य अभियानों और सुरक्षा बलों की गतिविधियों के लाइव प्रसारण से बचने का निर्देश दिया है. यह एडवाइजरी समाचार एजेंसियों, डिजिटल प्लेटफॉर्मों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं पर लागू होगी, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित मामलों की रिपोर्टिंग में अत्यधिक सावधानी और जिम्मेदारी की आवश्यकता पर जोर दिया गया है.

कारगिल संघर्ष, 26/11 मुंबई हमला और कंधार अपहरण जैसे पिछले अनुभवों का हवाला देते हुए कहा गया कि संकट के समय में अप्रतिबंधित मीडिया कवरेज ने अतीत में अनजाने में राष्ट्रीय हितों के लिए हानिकारक परिणाम पैदा किए थे. मंत्रालय ने जोर दिया कि मीडिया राष्ट्रीय सुरक्षा को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. मंत्रालय ने साथ ही यह चेतावनी दी है कि इन प्रावधानों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई हो सकती है.

एटीएम बंद होने की अफवाहों को सरकार ने बताया फर्जी

भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) ने देशभर में दो-तीन दिनों के लिए एटीएम बंद होने की खबरों को फर्जी बताया है. सरकार ने वायरल हो रहे मैसेज की जांच करने के बाद इसे फर्जी पाया है. ब्यूरो का का कहना है कि देशभर के एटीएम पहले की तरह काम करते रहेंगे.

एक्स पर किए पोस्ट में ब्यूरो ने लिखा, "क्या एटीएम बंद हैं? एक वायरल वाट्सएप मैसेज में दावा किया गया है कि एटीएम दो-तीन दिनों के लिए बंद रहेंगे. यह संदेश फर्जी है. एटीएम सामान्य रूप से काम करते रहेंगे. असत्यापित संदेश साझा न करें."

भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने भी एक बयान जारी कर पुष्टि की है कि उसके एटीएम, सीडीएम (कैश डिपॉजिट मशीन) और डिजिटल सेवाएं सुचारू रूप से और पूरी तरह से काम कर रही हैं. बैंक ने ग्राहकों को किसी भी असत्यापित जानकारी पर विश्वास न करने की सलाह दी है. एसबीआई ने बताया है कि किसी भी समस्या के लिए ग्राहक अपनी नजदीकी शाखा में जा सकते हैं या टोल-फ्री नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं.

भारत के प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) ने पाकिस्तान की तरफ से फैलाए जा रहे कई दावों का खंडन किया है. 8 मई की रात 10 बजे से 9 मई की सुबह 6:30 बजे के बीच पीआईबी ने कम से कम आठ वायरल वीडियो और पोस्ट की सच्चाई की जांच की.

भारत ने 24 हवाई अड्डों पर नागरिक उड़ानें निलंबित कीं

भारत ने उत्तर में स्थित 24 हवाई अड्डों पर नागरिक उड़ानें निलंबित कर दी हैं. न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक, गुरुवार देर रात भारत सरकार ने 24 हवाई अड्डों की सूची जारी की, जिन्हें नागरिक उड़ानों के लिए बंद कर दिया गया है. इनमें भारत की पश्चिमी सीमा पर स्थित जोधपुर, लुधियाना और अमृतसर के हवाई अड्डे शामिल हैं.

भारत की बड़ी एयरलाइन कंपनियों एयर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट ने बुधवार से लेकर अब तक 100 से ज्यादा उड़ानें रद्द की हैं. एयरलाइनों ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है और उनसे प्रस्थान के समय से कम से कम तीन घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचने के लिए कहा है.

इंडिगो ने 10 उत्तर भारतीय शहरों के लिए अपनी उड़ानों को 10 मई रात 11:59 बजे तक रद्द कर दिया है. यह निर्णय संभवतः सुरक्षा संबंधी हवाई क्षेत्र की चिंताओं के कारण लिया गया है. इंडिगो ने कहा है कि प्रभावित यात्रियों को अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करनी चाहिए और सहायता के लिए एयरलाइन से संपर्क करना चाहिए.

आधिकारिक बयान के अनुसार, श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़, धर्मशाला, बीकानेर, जोधपुर, किशनगढ़ और राजकोट के लिए सभी उड़ानें 10 मई रात 11:59 बजे तक रद्द कर दी गई हैं.

भारत-पाकिस्तान तनाव के चलते स्थगित की गईं सीए की परीक्षाएं

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) ने देश भर में मौजूदा तनावपूर्ण और अनिश्चित सुरक्षा स्थिति को देखते हुए मई 2025 में होने वाली चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (सीए) परीक्षाओं के शेष पेपरों को स्थगित करने की घोषणा की है.

शुक्रवार को जारी एक नोटिस में, आईसीएआई ने बताया कि 9 मई से 14 मई 2025 तक निर्धारित सभी परीक्षाएं, जिनमें फाइनल, इंटरमीडिएट और पोस्ट क्वालिफिकेशन कोर्स की परीक्षाएं भी शामिल हैं, उन्हें टाल दिया गया है.

आधिकारिक बयान में संयुक्त सचिव (परीक्षा) सीए आनंद कुमार चतुर्वेदी ने कहा, "संशोधित तिथियों की घोषणा उचित समय पर की जाएगी." संस्थान ने उम्मीदवारों से नियमित रूप से आईसीएआई की आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट देखने का आग्रह किया है.

भारत-पाकिस्तान तनाव पर जेडी वैंस बोले, हम चाहते हैं तनाव कम हो लेकिन युद्ध "हमारा मसला नहीं है"

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने गुरुवार को कहा कि भारत और पाकिस्तान को तनाव कम करना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका इन परमाणु शक्तियों वाले एशियाई पड़ोसियों को नियंत्रित नहीं कर सकता और उनके बीच युद्ध "हमारा मसला नहीं है".

फॉक्स न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में वैंस ने कहा, "हम चाहते हैं कि जल्द से जल्द यह तनाव कम हो. हालांकि, हम इन देशों को नियंत्रित नहीं कर सकते." उन्होंने आगे कहा, "हम जो कर सकते हैं, वह इन लोगों को थोड़ा तनाव कम करने के लिए प्रोत्साहित करने की कोशिश करना है, लेकिन हम ऐसे युद्ध के बीच में शामिल नहीं होने वाले हैं जिससे हमारा कोई लेनादेना नहीं है."

अमेरिका ने हाल के दिनों में दोनों देशों के साथ नियमित बातचीत की है. गुरुवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और भारत के विदेश मंत्री से फोन पर बात की और उनसे तनाव कम करने और सीधी बातचीत करने का आग्रह किया.

यूएई में खेले जाएंगे पीएसएल के बाकी मैच, आईपीएल 2025 भी हुआ निलंबित

पाकिस्तान के क्रिकेट टूर्नामेंट पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के बाकी बचे हुए मैच अब संयुक्त राष्ट्र अमीरात (यूएई) में खेले जाएंगे. पाकिस्तान के क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है.

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र के हवाले से बताया है कि भारत के क्रिकेट बोर्ड ने भी इंडियन प्रीमियर लीग आईपीएल 2025 को निलंबित कर दिया है. न्यूज एजेंसी एएफपी ने भी भारतीय मीडिया के हवाले से इस बात की जानकारी दी है.

इससे पहले, गुरुवार को धर्मशाला स्टेडियम में पंजाब और दिल्ली की टीमों के बीच हो रहे आईपीएल मैच को रद्द कर दिया गया था. स्टेडियम को खाली करवा लिया गया था और दोनों टीमों को स्टेडियम भेज दिया गया था. रॉयटर्स के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने बिजली की समस्या को मैच रद्द होने का कारण बताया था.

गुरुवार को पाकिस्तान के रावलपिंडी में होने वाले पीएसएल मैच को भी रद्द कर दिया गया था. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष नकवी ने कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मैचों को स्थानांतरित करने का फैसला लिया गया है. उन्होंने अपने बयान में कहा, “पीसीबी हमेशा से इस बात पर कायम रहा है कि राजनीति और खेल को अलग रखा जाना चाहिए.”

चंडीगढ़ में वायुसेना ने दी चेतावनी, अमृतसर में घरों के अंदर रहने की अपील

भारत के केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में वायुसेना के अलर्ट के बाद शुक्रवार सुबह एयर सायरन सुनाई दिए. न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, चंडीगढ़ के उपायुक्त ने कहा, “एयर फोर्स स्टेशन से संभावित हमले की हवाई चेतावनी प्राप्त हुई, जिसके बाद सायरन बजाए गए. सभी को घरों के अंदर रहने और बालकनियों से दूर रहने की सलाह दी गई है.”

पंजाब के अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अगले आदेश तक हवाई अड्डे के सभी कामों को बंद कर दिया गया है. अमृतसर के सैन्य जनसंपर्क अधिकारी ने लोगों से घरों के अंदर रहने, खिड़कियों से दूर रहने, बत्तियां बंद रखने और पर्दे बंद करके रखने की अपील की है.

ये सावधानियां बीती रात हुए घटनाक्रम के बाद बरती जा रही हैं. भारतीय सेना ने एक्स पर लिखा, "पाकिस्तानी सशस्त्र बलों ने 8 और 9 मई की दरमियानी रात पूरी पश्चिमी सीमा पर ड्रोन और अन्य हथियारों का उपयोग कर कई हमले किए. पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर कई बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया."

भारतीय सेना ने आगे लिखा, "ड्रोन हमलों को प्रभावी ढंग से विफल कर दिया गया और युद्ध विराम उल्लंघनों का जोरदार जवाब दिया गया. भारतीय सेना राष्ट्र की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है."

वहीं, पाकिस्तान सरकार ने भारतीय क्षेत्रों पर कोई हमला करने से इनकार किया है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्ला तरार ने दोहराया है कि पाकिस्तान ने भारतीय कश्मीर या अंतरराष्ट्रीय सीमा के परे मौजूद क्षेत्रों को निशाना बनाकर कोई आक्रामक कार्रवाई नहीं की है.

उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तानी वायुसेना के लड़ाकू विमान एफ-16, जेएफ-17 या इसके पायलट को हुए किसी भी नुकसान या हानि की रिपोर्टें पूरी तरह से निराधार हैं.

पंजाब के कई शहरों में ब्लैकआउट के बीच बेचैनी में कटी रात

गुरुवार को पंजाब के कई शहरों में लोगों ने ब्लैकआउट के बीच अंधेरे में बेचैनी के बीच रात काटी. सीमा के पास मौजूद अमृतसर, पठानकोट और फिरोजपुर के लोगों की रात अंधेरे में गुजरी. अधिकारियों ने इन शहरों में पूरी रात के लिए ब्लैकआउट कर दिया था. इनके अलावा जालंधर, गुरुदासपुर और होशियारपुर में भी ब्लैकआउट रहा.

पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ में लगभग दो घंटे के लिए ब्लैकआउट रहा. यही हाल जम्मू का भी था. हालांकि इन दोनों जगहों पर मध्यरात्रि में फिर बिजली की सेवा बहाल कर दी गई.

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के कारण हमलों की आशंका से यह सुरक्षात्मक कदम उठाया गया. जम्मू और जैसलमेर में गुरुवार की रात धमाकों की आवाजें भी सुनी गईं.

इस बीच ऐसी खबरें भी हैं कि दिल्ली में गुरुवार की रात इंडिया गेट पर मौजूद लोगों को वहां से जाने के लिए कह दिया गया. दिल्ली में सरकारी विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं. पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान के सीमावर्ती शहरों और लेह में सभी स्कूल, कॉलेज अगले कुछ दिन के लिए बंद कर दिए गए हैं.

पाकिस्तान ने कहा, आर्थिक मामलों के मंत्रालय का अकाउंट हैक

पाकिस्तान के आर्थिक मामलों के मंत्रालय के एक्स अकांउट पर शुक्रवार करीब नौ बजे एक पोस्ट की गई. इसमें लिखा था, “दुश्मन द्वारा किए गए भारी नुकसान के बाद पाकिस्तान सरकार अंतरराष्ट्रीय साझेदारों से अधिक ऋण की अपील करती है. बढ़ते युद्ध और शेयर बाजार में गिरावट के बीच, हम अंतरराष्ट्रीय साझेदारों से तनाव कम करने में मदद करने का आग्रह करते हैं. देश से दृढ़ रहने का आग्रह किया गया है.”

इसके बाद पाकिस्तान के आर्थिक मामलों के मंत्रालय ने जानकारी दी कि उनका एक्स (पूर्व ट्विटर) अकांउट हैक कर लिया गया था. मंत्रालय ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स से कहा कि “हम ट्विटर (एक्स) को बंद करने के लिए काम कर रहे हैं” और हमने इस बारे में “ट्वीट नहीं किया है.”

(The above story first appeared on LatestLY on May 09, 2025 05:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).