LIVE: दिनभर की ताजा खबरें और अपडेट्स
आज की सभी खबरों और अपडेट के लिए हमारे साथ जुड़े रहें.
आज की सभी खबरों और अपडेट के लिए हमारे साथ जुड़े रहें. हम आपके लिए दुनिया, राजनीति, खेल, विज्ञान और दिनभर की तमाम खबरों से जुड़े लाइव अपडेट के साथ हाजिर हैं. बस इस लाइव पेज पर हमारे साथ बने रहें.- ट्रंप ने की विदेशों में बनी फिल्मों पर 100 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा
- पहलगाम हमले के बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक आज
- पहलगाम हमला: वायुसेना और नौसेना प्रमुख ने पीएम मोदी को दी तैयारियों की जानकारी
पहलगाम हमला: वायुसेना और नौसेना प्रमुख ने पीएम मोदी को दी तैयारियों की जानकारी
भारतीय वायुसेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने रविवार 4 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, यह माना जा रहा है कि वायुसेना प्रमुख ने पीएम मोदी को वायुसेना की समग्र तैयारियों के बारे में जानकारी दी. रिपोर्ट के मुताबिक, पहलगाम हमले के बाद सरकार जवाबी कार्रवाई के विकल्पों पर विचार कर रही है.
इससे पहले, नौसेना प्रमुख चीफ एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने उत्तरी अरब सागर की स्थिति के बारे में पीएम मोदी से बातचीत की थी. अरब सागर में नौसेना का अभ्यास चल रहा है, जिसकी वजह से पश्चिमी बेड़े के सभी ऑपरेशनल युद्धपोत, समुद्री गश्ती विमान और बेड़े के सहायक उपकरण समुद्र में ही मौजूद हैं.
रक्षा सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि कार्यकारी आदेश मिलते ही नौसेना किसी भी संभावित विकल्प पर कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार है.
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सुरक्षा बलों ने बरामद किए पांच आईईडी
जम्मू-कश्मीरके पुंछ में सुरक्षा बलों ने एक संदिग्ध ठिकाने का भंडाफोड़ किया और वहां से पांच इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी), कई रेडियो सेट, तार, दूरबीन और कंबल बरामद किए. सोमवार (5 मई) को पुंछ पुलिस और सेना की रोमियो फोर्स ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया.
इस कार्रवाई से एक दिन पहले ही कश्मीर पुलिस के आईजी वीके बिर्डी ने संयुक्त सुरक्षा समीक्षा बैठक की थी. इसमें पुलिस, सेना, खुफिया सेवा और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल समेत कई सुरक्षा बलों के अधिकारी शामिल हुए थे. अधिकारियों ने आईजी को कश्मीर में सुरक्षा की स्थिति के बारे में जानकारी दी थी. उनका फोकस घाटी में मौजूद सुरक्षा चुनौतियों के बारे में जानकारी जुटाना था.
इसके अलावा, रविवार देर रात नियंत्रण रेखा एलओसी पर पाकिस्तान की ओर से बिना किसी उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई, जिसका भारतीय सेना ने जवाब दिया. न्यूज एजेंसी एएनआई ने अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी है.
पहलगाम हमले के बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक आज
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव पर चर्चा के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) ने आज बंद कमरे में एक बैठक बुलाई है. पाकिस्तान के अनुरोध पर बुलाई गई इस बैठक में परिषद के सदस्य देश मौजूदा स्थिति पर चर्चा करेंगे और दोनों पक्षों से संयम बरतने और तनाव कम करने पर बात करेंगे.
यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब भारत ने पहलगाम हमले के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया है और जवाबी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है. वहीं, पाकिस्तान ने भारत के आरोपों को निराधार बताया है और क्षेत्र में शांति भंग होने की आशंका जताई है. यूएनएससी की यह पहल दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को नियंत्रित करने और बातचीत के माध्यम से समाधान खोजने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
ट्रंप ने की विदेशों में बनी फिल्मों पर 100 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने रविवार को घोषणा की कि अमेरिका से बाहर बनी फिल्मों पर 100 फीसदी टैरिफ लगाया जाएगा. उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी फिल्म उद्योग "बहुत तेजी से मर रहा है." ट्रंप ने कहा कि अन्य देश अमेरिकी फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करने के लिए प्रोत्साहन दे रहे हैं.
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रूथ सोशल' पर लिखा, "यह अन्य देशों द्वारा एक ठोस प्रयास है और इसलिए राष्ट्रीय सुरक्षा पर एक खतरा है. यह बाकी सब चीजों के अलावा संदेश और प्रचार भी है." ट्रंप ने कहा कि वह वाणिज्य विभाग जैसे संबंधित सरकारी एजेंसियों को विदेशों में बनी और फिर अमेरिका में भेजी जाने वाली सभी फिल्मों पर 100 फीसदी टैरिफ लगाने की प्रक्रिया तुरंत शुरू करने के लिए अधिकृत कर रहे हैं.
ट्रंप ने आगे कहा, "हम चाहते हैं कि फिल्में फिर से अमेरिका में बनें." वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक ने एक्स पर लिखा, "हम इस पर काम कर रहे हैं." ट्रंप की सोशल मीडिया पर टिप्पणियां तब आई हैं जब चीन ने पिछले महीने कहा था कि वह आयातित अमेरिकी फिल्मों की संख्या कम करेगा.
(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2025 02:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

