विदेश

वॉशिंगटन पोस्ट के प्रतिष्ठित पत्रकार की हत्या को तुर्की जांच अधिकारियों ने बताया पूर्व नियोजित

तुर्की के जांच अधिकारियों का मानना है कि अमेरिकी अखबार ‘वॉशिंगटन पोस्ट’ में काम करने वाले सऊदी अरब के एक प्रतिष्ठित पत्रकार की इस्तांबुल में उसके देश के वाणिज्य दूतावास में ‘‘पूर्व नियोजित तरीके से हत्या’’ कर दी गई.

वॉशिंगटन पोस्ट के प्रतिष्ठित पत्रकार की हत्या को तुर्की जांच अधिकारियों ने बताया पूर्व नियोजित
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: ANI)

इस्तांबुल: तुर्की के जांच अधिकारियों का मानना है कि अमेरिकी अखबार ‘वॉशिंगटन पोस्ट’ में काम करने वाले सऊदी अरब के एक प्रतिष्ठित पत्रकार की इस्तांबुल में उसके देश के वाणिज्य दूतावास में ‘‘पूर्व नियोजित तरीके से हत्या’’ कर दी गई. वॉशिंगटन पोस्ट ने दो गुमनाम अधिकारियों के हवाले से यह खबर दी है. सऊदी अरब के अधिकारियों ने अभी इस पर टिप्पणी नहीं की है हालांकि उन्होंने कहा कि लेखक ने उनका राजनयिक पद छोड़ दिया था.

तुर्की के एक अधिकारी ने भी बताया कि जांचकर्ताओं का ‘‘प्राथमिक आकलन’’ भी यही है कि जमाल खाशोगी की वाणिज्य दूतावास में हत्या की गई. पिछले साल से अमेरिका में आत्म निर्वासन में रह रहे खाशोगी तुर्की में सऊदी अरब के वाणिज्य दूतावास जाने के बाद मंगलवार को लापता हो गए थे. जमाल सऊदी अरब के शहजादे मोहम्मद बिन सलमान के कटु आलोचक रहे हैं.

अखबार के संपादकीय पृष्ठ के संपादक फ्रेड हियात ने एक बयान में कहा, ‘‘अगर जमाल की हत्या की खबरें सही हैं तो यह सरासर गलत कृत्य है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘जमाल प्रतिबद्ध और बहादुर पत्रकार थे. वह अपने देश के लिए प्रेम की भावना से ऊपर उठकर और मानव गरिमा एवं आजादी में गहरे विश्वास के साथ लिखते थे.’’

‘वॉशिंगटन पोस्ट’ ने एक अज्ञात अधिकारी के हवाले से बताया कि जांचकर्ताओं का मानना है कि ‘‘सऊदी अरब से 15 सदस्यीय दल आया था.’’ अधिकारी ने कहा, ‘‘यह पूर्वनियोजित हत्या है.’’ तुर्की के एक अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर बताया कि उनकी जांच में भी शनिवार रात को ऐसी ही बात सामने आई.

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 07, 2018 11:03 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).