एजेंसी न्यूज

'हिंदू चाहें तो बना सकते हैं अमेरिका का अगला राष्ट्रपति', US सांसद रिचर्ड मैकोर्मिक ने दिया बड़ा बयान

रिपब्लिकन सांसद मैककॉर्मिक ने कहा कि हिंदू समुदाय के पास इतनी शक्ति है कि वे तय कर सकते हैं कि अमेरिका का अगला राष्ट्रपति कौन होगा.

'हिंदू चाहें तो बना सकते हैं अमेरिका का अगला राष्ट्रपति', US सांसद रिचर्ड मैकोर्मिक ने दिया बड़ा बयान

अमेरिका के कैपिटल हिल में आयोजित पहले हिंदू-अमेरिकी शिखर सम्मेलन को समर्थन देने पहुंचे रिपब्लिकन सांसद मैककॉर्मिक ने कहा कि अमेरिका के विकास में इस समुदाय का बहुत बड़ा योगदान है. उन्होंने कहा कि इस समुदाय के पास इतनी शक्ति है कि वे तय कर सकते हैं कि अमेरिका का अगला राष्ट्रपति कौन होगा.

भारतीय-अमेरिकी सांसद श्री थानेदार ने अमेरिकी कांग्रेस में एक ‘हिंदू कॉकस’ बनाने की योजना की घोषणा की है जो समान विचारधारा वाले सांसदों को एक मंच पर लाएगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि देश में हिंदुओं के खिलाफ कोई नफरत और कट्टरता न हो. मिशिगन के 13वें जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले थानेदार ने बुधवार को कैपिटल विज़िटर सेंटर में पहले हिंदू-अमेरिकी शिखर सम्मेलन में यह घोषणा की.

थानेदार ने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि हर एक व्यक्ति को धर्म चुनने और उन्हें उस भगवान की पूजा करने का अधिकार हो, जिसे वे बिना किसी दबाव के अपनाते हैं. साथ ही उन लोगों के प्रति कोई भेदभाव या नफरत न हो जो भगवान में विश्वास न करते हों. थानेदार ने कहा, ‘‘ये मौलिक स्वतंत्रताएं हैं. ये मौलिक मानवाधिकार हैं.’’

जॉर्जिया के छठे जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले रिपब्लिकन सांसद रिच मैककॉर्मिक ने इस सम्मेलन में अगस्त में द्विदलीय कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के भारत जाने की घोषणा की.

मैककॉर्मिक ने कहा, ‘‘इस अप्रवासी आबादी के लिए मेरे मन में बहुत आदर है जिसने अमेरिका में इतना कुछ किया है.’’

मैककॉर्मिक ने कहा कि उन्होंने बार-बार कहा है कि समुदाय जागरूक है और महसूस करता है कि उनके पास वास्तव में अमेरिका के अगले राष्ट्रपति का चयन करने की शक्ति है. उन्होंने कहा, ‘‘मैं बस कहने के लिए यह नहीं कह रहा. आप के पास वास्तविक शक्ति है.’’

‘अमेरिकन4हिंदूस’ द्वारा आयोजित और 20 अन्य संगठनों द्वारा समर्थित शिखर सम्मेलन में देश भर के हिंदू समुदाय के नेताओं ने शिरकत की.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 15, 2023 08:56 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).