विदेश

फ्रांस: जिसेल पेलिको के बलात्कारियों को 3 से 20 साल तक की सजा

फ्रांस की एक अदालत ने 51 लोगों को जिसेल पेलिको के बलात्कार के मामले में दोषी करार दिया है.

फ्रांस: जिसेल पेलिको के बलात्कारियों को 3 से 20 साल तक की सजा
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

फ्रांस की एक अदालत ने 51 लोगों को जिसेल पेलिको के बलात्कार के मामले में दोषी करार दिया है. पेलिको के पूर्व पति और दूसरे आरोपियों को 20 साल से 3 साल तक की सजा सुनाई गई है.मुख्य आरोपी डोमिनिक पेलिको को 20 साल कैद की सजा मिली है, जबकि दो आरोपियों को निलंबित कैद की सजा दी गई है. सजा सुनाते वक्त जज ने यह स्पष्ट किया कि डोमिनिक पेलिको को तब तक पैरोल नहीं मिल सकता जब तक कि वो दो तिहाई सजा पूरी ना कर लें.

अदालत ने सजा तो सुना दी है लेकिन अभियोजक और पीड़ित परिवार की उम्मीदें पूरी नहीं हुई है. उनका मानना है कि सजा पर्याप्त नहीं है. डोमिनिक पेलिको के बच्चों ने उनके पिता को मिली 20 साल की सजा को कम बताया है. परिवार के एक सदस्य ने समाचार एजेंसी एएफपी को नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर यह जानकारी दी. इस सदस्य का कहना है, "इतनी कम सजा मिलने से बच्चे बहुत दुखी हैं."

हिम्मत की मिसाल जिसेल

जिसेलमहिलाओं की हिम्मत की एक मिसाल बन गई हैं. उन्होंने सामने आकर ना सिर्फ यह लड़ाई लड़ी बल्कि अपनी पहचान छिपाने से भी इनकार कर दिया. उनके बच्चे भी इस घड़ी में उनके साथ खड़े हुए हैं. गुरुवार को जब जिसेल अदालत पहुंचीं तो भीड़ ने उनका नाम पुकारा और उनके लिए न्याय के पक्ष में नारा बुलंद किया. इसके जवाब में उन्होंने हाथ हिलाया और मुस्कुराईं.

इस बलात्कार कांड ने फ्रांस और दुनिया को हतप्रभ किया. फ्रांस के अविनों शहर में अदालत की कार्रवाई पर पूरी दुनिया की नजर थी. बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हुए थे और पुलिस का भी भारी बंदोबस्त था.

बलात्कार कांड के मुख्य आरोपी डोमिनिक पेलिको ने उस वक्त उसकी बीवी रही जिसेल पेलिको को नशीली दवाएं दी, उनका शोषण किया और दर्जनों अनजान लोगों को बुला कर उनका बलात्कारकराया. यह सिलसिला लगभग 10 साल तक चलता रहा.

अभियोजकों को संदेह है कि इस मामले में दर्जन भर से ज्यादा दूसरे आरोपी भी हैं जिनकी अब तक पहचान नहीं हो पाई है. 72 साल की जिसेल पेलिको का मानना है कि उनके साथ 200 बार बलात्कार हुआ है. यह मुकदमा सितंबर से चल रहा है. तीन महीने की सुनवाई के बाद अदालत ने सजा सुनाई है. इस घटना ने फ्रांस और दुनिया के दूसरे हिस्सों में बलात्कार, यौन हिंसा, महिला अधिकार और कानूनों पर एक बड़ी बहस छेड़ दी है.

सजा पर अपील की गुंजाइश

पेलिको ने अदालत में अपना जुर्म कबूल कर लिया है. हालांकि उनके वकील ने सजा के खिलाफ अपील करने से इनकार नहीं किया है. डोमिनिक पेलिको के वकील बेयत्रीच जवारो ने पत्रकारों से कहा, "हम 10 दिनों का इस्तेमाल यह तय करने में करेंगे कि फैसले के खिलाफ अपील करनी है या नहीं."

इस मामले में 50 और लोगों पर भी मुकदमा चला है. एक शख्स यौन दुर्व्यवहार, जबकि बाकी सभी बलात्कार के आरोपी थे. अदालत ने इनमें से एक को बलात्कार की कोशिश करने और दो लोगों को यौन हिंसा का दोषी माना है. बाकी सभी लोगों को बलात्कार करने का दोषी माना गया है.

डोमिनिक पेलिको ने इन लोगों से एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए संपर्क किया था. उसने दुर्व्यवहार की सैकड़ों तस्वीरें और वीडियो भी रिकॉर्ड किए. अपराध के वक्त इन लोगों की उम्र 21 से 68 साल के बीच थी. अभियोजन पक्ष ने इन लोगों के लिए 4 से 18 साल के कैद की सजा मांगी थी.

कई आरोपियों ने दलील दी कि उन्होंने डोमिनिक पेलिको पर भरोसा किया यौन संबंधों के लिए मंजूरी दी. उन्हें यही लगा था कि जिसेल नींद में होने का दिखावा कर रही हैं. अदालत में कई आरोपी अपना बैग लेकर आए थे, ताकि वहीं से अपनी सजा भोगने के लिए जेल जा सकें. सजा सुनाए जाते वक्त एक आरोपी रो पड़ा.

एनआर/आरपी (डीपीए, एएफपी)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 19, 2024 07:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).