क्यूबा विमान हादसा : 110 लोगों के मारे जाने की पुष्टि, ब्लैक बॉक्स हुआ बरामद
हवाना के जोस मार्टी हवाई अड्डे पर क्यूबा के सरकारी एयरवेज का एक विमान शुक्रवार को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया. दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान 737 में मरने वालों की संख्या बढ़कर 110 हो गई है.
हवाना: हवाना के जोस मार्टी हवाई अड्डे पर क्यूबा के सरकारी एयरवेज का एक विमान शुक्रवार को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया. दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान 737 में मरने वालों की संख्या बढ़कर 110 हो गई है.
वहीँ क्यूबा के अधिकारियों ने कहा कि उन्हें हवाना हवाईअड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान के दो ब्लैक बॉक्स में से एक ब्लैक बॉक्स मिला है, जो अच्छी स्थिति में हैं. बरामद हुए ब्लैक बॉक्स की मदद से विमान हादसे का शिकार कैसे हुआ इसका पता लगाया जा सकता है.
सिन्हुआ के अनुसार, परिवहन मंत्री अबेल इजिक्व डरे ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि हादसे में 110 लोग मारे गए हैं, जिनमें 99 क्यूबा के नागरिक हैं और 11 अन्य देशों के हैं.
क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कैनेल ने शनिवार को हादसे में बचे लोगों और पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की.
एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि इस 40 साल पुराने बोईंग 737 विमान ने हवाना के जोस मार्ती एयरपोर्ट से हॉल्गुइन के लिए उड़ान भरी थी. विमान उड़ान भरते ही जोस मार्टी के खेतों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटनास्थल पर काला घना धुआं ऊपर उठते हुए देखा गया था.
क्यूबा सरकार ने हादसे के पीड़ितों के परिजनों के लिए एक होटल में रहने की व्यवस्था की है क्योंकि उनमें से अधिकांश हवाना से करीब 700 किलोमीटर दूर हॉल्गुइन से हवाना पहुंचे हैं.
हाल ही में साल 2017 में मिलिट्री प्लेन क्रैश हो गया था जिसमें आठ सैनिक मारे गए थे.
इससे पहले क्यूबा में साल 2010 में एटीआर-72 विमान दुर्घटना का शिकार हुई थी जिसमें 68 यात्रियों की मौत हुई थी.
पिछले तीन दशकों में क्यूबा के सबसे विभत्स विमान हादसे के मद्देनजर शनिवार को दो दिन के शोक का ऐलान किया गया था और राष्ट्रध्वजों को आधा झुका दिया गया.
(The above story first appeared on LatestLY on May 20, 2018 12:37 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

