विदेश

शी को "तानाशाह" कहने पर बिफरा चीन

सोमवार को कुछ हद तक पटरी पर आए अमेरिका चीन के संबंध, बुधवार को फिर से धराशायी हो गए.

शी को
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

सोमवार को कुछ हद तक पटरी पर आए अमेरिका चीन के संबंध, बुधवार को फिर से धराशायी हो गए. चीन ने राष्ट्रपति शी को तानाशाह बताने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान की कड़ी आलोचना की है.चीन का कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन का चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को तानाशाह कहना " बेहद बेतुका और गैरजिम्मेदाराना" है. इस वक्त अमेरिका और चीन के रिश्ते सबसे खराब दौर से गुजर रहे हैं. सोमवार को ही अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन, बीजिंग के दो दिवसीय दौरे से लौटे. ब्लिंकेन से बातचीत को चीनी विदेश मंत्री और राष्ट्रपति ने अमेरिका के साथ रिश्ते सुधारने का मौका बताया. दोनों पक्षों के बीच हवाई उड़ाने बढ़ाने और वीजा नीतियों को लेकर अहम फैसले भी हुए लेकिन बाइडेन के बयान से ये उम्मीदें चकनाचूर हो गई हैं.

कैलिफोर्निया में 2024 के राष्ट्रपति चुनावों के लिए फंड जुटाने के अभियान के दौरान बाइडेन ने शी जिनपिंग को तानाशाह करार दिया. अमेरिका के पूर्वी तट पर चीन के जासूसी बैलून को गिराने की घटना का जिक्र करते हुए बाइडेन ने कहा, "यह तानाशाहों के लिए एक बड़ी शर्मिंदगी है. उन्हें नहीं पता कि क्या हुआ."

बीजिंग की कड़ी प्रतिक्रिया

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने बाइडेन के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा, यह "पूरी तरह तथ्यों के विरुद्ध है और कूटनीतिक प्रोटोकॉल और चीन की राजनीतिक गरिमा का गंभीर उल्लंघन है."

पत्रकारों की ब्रीफिंग में बोलते हुए माओ ने बयान में कहा, "यह खुल्लमखुला राजनीतिक उकसावा है. चीन कड़ी नाराजगी और विरोध व्यक्त करता है."

ओएसजे/एसबी (एएफपी, रॉयटर्स)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 22, 2023 09:20 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).