बर्लिन प्राइड परेड में कार ने लोगों को कुचला
बर्लिन का वार्षिक एलजीबीटीक्यू प्लस प्राइड कार्यक्रम क्रिस्टोफर स्ट्रीट डे (CSD) एक गंभीर सुरक्षा घटना के बाद रद्द कर दिया गया.
बर्लिन का वार्षिक एलजीबीटीक्यू प्लस प्राइड कार्यक्रम क्रिस्टोफर स्ट्रीट डे (CSD) एक गंभीर सुरक्षा घटना के बाद रद्द कर दिया गया.बर्लिन की सालाना परेड प्राइड, जिसे क्रिस्टोफर स्ट्रीट डे (CSD) कहा जाता है, कई लोगों के घायल होने से जुड़ी एक घटना के बाद बीच में ही रद्द कर दी गई. बर्लिन पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा, "हमारा मानना है कि एक वाहन टियरगार्टन पार्क में घुस गया और उसने कई लोगों को टक्कर मारी, जिससे वे घायल हो गए."
पुलिस के मुताबिक कम से कम एक व्यक्ति की मौत हुई है और 15 लोग घायल हैं. घायलों में कई की हालत गंभीर है. बर्लिन पुलिस ने कहा है कि उन्होंने एक संदिग्ध की पहचान कर ली है, जिसे अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है. पुलिस प्रवक्ता फ्लोरियान नेथ ने कहा, “संदिग्ध पुलिस के लिए जाना-पहचाना है. वह बर्लिन में इस्लामिक समूहों के सदस्य के रूप में हमारे रिकॉर्ड में दर्ज है, और इस व्यक्ति की हमारी तलाश पूरी तेजी से चल रही है.” हालांकि, उन्होंने संदिग्ध के नाम का खुलासा नहीं किया.नेथ ने आगे कहा, “हमारे पास अभी भी उसके इरादों को लेकर कोई जानकारी मौजूद नहीं है."
बर्लिन के मेयर काई वीगनर ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि एक शांतिपूर्ण और जीवंत प्राइड परेड के बाद, एक सहिष्णु और शांतिपूर्ण बर्लिन के लिए बुलाई गई इस रैली पर सबसे बर्बर तरीके से हमला किया गया. आगे उन्होंने कहा, “यह हमारे स्वतंत्र औरकॉस्मोपॉलिटन समाज पर हमला है.मुझे पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों पर पूरा भरोसा है, जो जांच के लिए चौबीसों घंटे काम करेंगे.”
इस बीच, अधिकारियों ने संभावित गवाहों से आगे आने और हमले के स्थान पर ली गई कोई भी वीडियो या तस्वीरें पुलिस के साथ साझा करने का करने का निवेदन किया है. शहर ने उन लोगों के लिए एक हेल्पलाइन भी शुरू की, जिनके दोस्त या परिवार के सदस्य लापता हैं.
"कृपया घर चले जाएं"
शनिवार को मानवाधिकार, सहनशीलता और विविधता के समर्थन में बर्लिन की सड़कों पर सैकड़ों हजार लोग उतरे थे. कार्यक्रम का समापन ब्रांडेनबुर्ग गेट पर होने वाले संगीत कार्यक्रमों के साथ होना था. इस घटना के बाद संगीत कार्यक्रम को बीच में ही रोक दिया गया और पुलिस ने प्रतिभागियों से कहा, "कृपया अपने घर चले जाएं."
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह घटना जानबूझकर की गई थी या नहीं और यदि जानबूझकर की गई थी, तो क्या प्राइड परेड ही इसका निशाना था. यूलियान इससे पहले बर्लिन के ब्रैंडनबर्ग गेट पर LGBTQ+ पार्टी में शामिल हुए थे, उन्होंने बताया कि वे एक आफ्टर-पार्टी में जाने ही वाले थे, तभी उन्हें एक दोस्त से पता चला कि वहां कुछ बुरा हुआ है और वहां बहुत सारी दमकल गाड़ियां, कई आपातकालीन वाहन और एम्बुलेंस मौजूद हैं. उन्होंने बताया कि वे टिएरगार्टन गए और यह देखकर स्तब्ध रह गए कि बर्लिन के प्राइड परेड में ऐसा कुछ हो सकता है.
जर्मनी में क्रिस्टोफर स्ट्रीट डे के रूप में जाने जाने वाले बर्लिन के प्राइड परेड में जश्न मनाने के लिए शनिवार को हजारों लोग बर्लिन आए थे. यह यूरोप के सबसे बड़े एलजीबीटी+ उत्सवों में से एक है.