देश

Canada: जगमीत सिंह ने एनडीपी नेता के पद से दिया इस्तीफा, चुनाव में करारी हार के बाद लिया फैसला; खुद भी नहीं बचा पाए अपनी सीट

कनाडा की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी (NDP) के नेता जगमीत सिंह ने आम चुनाव में करारी हार के बाद पार्टी के नेतृत्व से इस्तीफा दे दिया है.

Canada: जगमीत सिंह ने एनडीपी नेता के पद से दिया इस्तीफा, चुनाव में करारी हार के बाद लिया फैसला; खुद भी नहीं बचा पाए अपनी सीट
Photo- @LeeGolden6/X

Canada: कनाडा की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी (NDP) के नेता जगमीत सिंह ने आम चुनाव में करारी हार के बाद पार्टी के नेतृत्व से इस्तीफा दे दिया है. सोमवार रात उन्होंने भावुक अंदाज में अपने फैसले का ऐलान किया, जब वो खुद अपनी सीट भी नहीं बचा पाए. ब्रिटिश कोलंबिया के बर्नाबी में जब सिंह मंच पर समर्थकों को संबोधित करने पहुंचे, तब तक उनके निर्वाचन क्षेत्र में उन्हें सिर्फ 20 प्रतिशत से भी कम वोट मिले थे. वो तीसरे नंबर पर चल रहे थे, जहां पहले और दूसरे स्थान पर कंज़र्वेटिव और लिबरल पार्टी के उम्मीदवार थे.

हालात इतने खराब थे कि NDP पार्टी सिर्फ 7 सीटों पर आगे चल रही थी, जिससे उसका आधिकारिक पार्टी का दर्जा भी खतरे में आ गया है. यह किसी भी बड़ी पार्टी के लिए बेहद शर्मनाक स्थिति मानी जाती है.

ये भी पढें: कनाडा : उत्सव के दौरान भीड़ में गाड़ी घुसा दिये जाने से 11 लोगों की मौत

हार के बाद क्यो बोले जगमीत सिंह?

मंच पर आते हुए सिंह ने कहा, “मैं मानता हूं कि हम ज्यादा सीटें नहीं जीत सके, इसका दुख है. लेकिन मैं अपने आंदोलन से निराश नहीं हूं. मुझे अपने दल पर भरोसा है, हम डर के बजाय उम्मीद को चुनेंगे, निराशा के बजाय आशा को और नफरत के बजाय एकता को.” NDP की तरफ से सिर्फ चंद उम्मीदवार ही जीत दर्ज कर पाए हैं. उनमें से एलेक्ज़ांड्रे बॉलरिस (रोसमोंट-ला पेटिट-पात्री), लिया गज़ान (विनिपेग सेंटर), और जेनी क्वान (वैंकूवर ईस्ट) प्रमुख नाम हैं. जब सिंह बोल रहे थे, उस वक्त वैंकूवर किंग्सवे से पार्टी के सीनियर सांसद डॉन डेविस अपनी सीट बचाने के लिए लिबरल उम्मीदवार से कड़ी टक्कर ले रहे थे.

बताया जा रहा है कि दर्जनों NDP सांसदों की हार तय मानी जा रही है, और आखिरी नतीजे आने तक पार्टी का आंकड़ा सिंगल डिजिट यानी 10 से कम सीटों पर सिमट सकता है.

अब NDP को चुनना होगा नया नेता

जगमीत सिंह की यह हार कई मायनों में ऐतिहासिक है. एक समय था जब उन्हें कनाडा में बदलाव की आवाज माना जाता था. पंजाबी मूल के इस नेता ने कनाडा की राजनीति में एक नया मोड़ लाने की कोशिश की थी, लेकिन इस चुनाव ने पार्टी को बुरी तरह झकझोर कर रख दिया है.

अब NDP को एक नया नेता चुनना होगा और अपने भविष्य की रणनीति दोबारा बनानी होगी. सवाल यह भी उठता है कि क्या पार्टी इस झटके से उबर पाएगी या फिर यह उसका राजनीतिक सफर खत्म होने की शुरुआत है.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2025 11:18 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).