Bangladesh Tarique Rahman Oath Ceremony: बांग्लादेश में नए युग की शुरुआत, तारिक रहमान आज लेंगे PM पद की शपथ; भारत-पाक समेत 13 देशों को मिला है न्योता
बांग्लादेश में करीब दो दशक बाद बीएनपी (BNP) सत्ता में लौट रही है. पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान आज प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे. शपथ ग्रहण समारोह ढाका में संसद भवन के साउथ प्लाजा में आयोजित किया जा रहा है.
Bangladesh Tarique Rahman Oath Ceremony: बांग्लादेश में करीब 20 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद राजनीतिक सत्ता का बड़ा परिवर्तन होने जा रहा है. बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के अध्यक्ष तारिक रहमान आज, 17 फरवरी 2026 को देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह के लिए भारत, पाकिस्तान और चीन सहित दुनिया के 13 प्रमुख देशों के नेताओं को निमंत्रण भेजा गया है. न्योता मिलने के बाद भारत, पाकिस्तान समेत अन्य देशों के प्रमुखे नेता शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले हैं.
चुनाव में बीएनपी ने भारी बहुमत
12 फरवरी को हुए 13वें संसदीय चुनाव में बीएनपी ने भारी बहुमत के साथ जीत दर्ज की है. शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन पारंपरिक रूप से राष्ट्रपति भवन के बजाय संसद भवन (जातीय संसद) के 'साउथ प्लाजा' में किया जा रहा है. यह फैसला 2024 के छात्र आंदोलनों में जान गंवाने वाले प्रदर्शनकारियों के सम्मान में लिया गया है. यह भी पढ़े: Bangladesh Election Result 2026 LIVE: बांग्लादेश चुनाव 2026 बीएनपी को प्रचंड बहुमत, तारिक रहमान प्रधानमंत्री बनने को तैयार; जमात-ए-इस्लामी को बड़ा झटका
शपथ ग्रहण का कार्यक्रम
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, नवनिर्वाचित सांसदों का शपथ ग्रहण समारोह सुबह 10:00 बजे शुरू हुआ. मुख्य निर्वाचन आयुक्त ए.एम.एम. नासिर उद्दीन सभी 297 नवनिर्वाचित सदस्यों को पद की शपथ दिला रहे हैं. इसके बाद, शाम 4:00 बजे प्रधानमंत्री और उनके मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह होगा. सभी सांसद आगामी 180 दिनों के लिए 'संवैधानिक सुधार परिषद' के सदस्य के रूप में भी कार्य करेंगे, जो देश के लोकतांत्रिक ढांचे को पुनर्गठित करने का प्रयास करेगी.
विदेशी मेहमानों की गरिमामयी उपस्थिति
इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए ढाका में करीब 1,200 स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है. समारोह में शामिल होने वाले प्रमुख विदेशी नेताओं में शामिल हैं:
-
भारत: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं.
-
भूटान: प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे.
-
पाकिस्तान: योजना मंत्री अहसान इकबाल.
-
नेपाल: विदेश मंत्री बालानंद शर्मा.
-
श्रीलंका: स्वास्थ्य मंत्री नलिंदा जयतिसा. इसके अलावा मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू और ब्रिटेन की अंडर-सेक्रेटरी सीमा मल्होत्रा के भी शामिल होने की संभावना है.
चुनावी नतीजे और राजनीतिक समीकरण
12 फरवरी को हुए चुनावों में बीएनपी ने अकेले 209 सीटों पर जीत हासिल की है, जो 300 सदस्यीय संसद में बहुमत के आंकड़े (151) से काफी ज्यादा है. वहीं, जमात-ए-इस्लामी ने 68 सीटों पर कब्जा किया है. चटोग्राम की दो सीटों पर फिलहाल नतीजे स्थगित रखे गए हैं. तारिक रहमान का प्रधानमंत्री बनना बांग्लादेश के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव है, क्योंकि लगभग 35 वर्षों के बाद देश की कमान किसी पुरुष प्रधानमंत्री के हाथों में होगी.
भविष्य की चुनौतियां
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि नई सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती देश की लड़खड़ाती अर्थव्यवस्था को संभालना और चरमपंथ को नियंत्रित करना है. पिछले 18 महीनों के दौरान मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने देश में स्थिरता लाने की कोशिश की थी, लेकिन अब निर्वाचित सरकार से जनता को कानून-व्यवस्था और विकास के मोर्चे पर काफी उम्मीदें हैं.