विदेश

जापान: उत्तरपश्चिमी तट पर भूकंप आने के कारण 26 घायल, रिक्टर पैमाने पर 6.7 तीव्रता दर्ज

जापान के उत्तरपश्चिमी तट पर रिक्टर पैमाने पर 6.7 तीव्रता का भूकंप आने के कारण कम से कम 26 लोग घायल हो गए. भूकंप के चलते भूस्खलन भी हुआ और कुछ इलाकों में बिजली नदारद हो गई.

जापान: उत्तरपश्चिमी तट पर भूकंप आने के कारण 26 घायल, रिक्टर पैमाने पर 6.7 तीव्रता दर्ज
भूकंप (Photo Credit- IANS)

टोक्यो : जापान के उत्तरपश्चिमी तट पर रिक्टर पैमाने पर 6.7 तीव्रता का भूकंप आने के कारण कम से कम 26 लोग घायल हो गए. भूकंप के चलते भूस्खलन भी हुआ और कुछ इलाकों में बिजली नदारद हो गई. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. समाचार एजेंसी क्योडो के मुताबिक, यामागाता प्रांत में 17 लोग घायल हो गए. निगाता और मियागी प्रांत में 4-4 और इशीकावा प्रांत में एक शख्स घायल हो गए.

अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन एजेंसी ने कहा कि लोगों के लापता होने की कोई खबर नहीं है. जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) ने इमारतों के धवस्त होने की आशंका जताई है और अधिक भूस्खलन की चेतावनी दी है क्योंकि यमगाता और निगाता क्षेत्रों में इसी तरह के और भी कई भूकंप आने की आशंका है, वहीं, क्षेत्र के कुछ हिस्सों में बुधवार को बारिश होने की संभावना भी है.

यह भी पढ़ें : जापान में 6.3 तीव्रता के भूकंप के झटके, सुनामी का खतरा नहीं

मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप मंगलवार रात 10.22 बजे आया, जिसका केंद्र यामागाता रहा. सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी लेकिन कुछ घंटे बाद हटा ली गई. निगाता शहर में 10 सेंटीमीटर की ऊंचाई वाली लहरों के साथ सुनामी देखी गई, जिसमें सकाता और वाजिमा सहित अन्य स्थानों पर मामूली रूप से सुनामी देखी गई.

यामागाता प्रांत की सरकार के अनुसार, त्सुरोका में कई भूस्खलन हुए. तोहोकु इलेक्ट्रिक पावर कंपनी के अनुसार, निगाता और यामागाता प्रांत में 9,200 से अधिक घरों में बिजली आपूर्ति बंद हुई लेकिन बुधवार को सुबह 6.44 बजे तक विद्युत सेवाएं बहाल कर दी गईं.

ईस्ट जापान रेलवे कंपनी ने कहा कि भूकंप के कारण मंगलवार को बुलेट ट्रेन सेवाओं में कुछ देरी हुई जिससे लगभग 10,000 लोग प्रभावित हुए. बुधवार को सेवाएं सामान्य रूप से शुरू हो गईं.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 19, 2019 12:31 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).