चीन में COVID-19 के 15 नए मामले, वुहान में 1.1 करोड़ लोगों की जांच शुरू
चीन में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस के 15 नए मामले सामने आए जिनमें से 12 मरीजों में बीमारी के लक्षण नहीं दिखे. इस बीच, वुहान ने अपनी 1.1 करोड़ की आबादी की जांच कराने का व्यापक अभियान बुधवार को शुरू कर दिया. चीन में अब तक कुल 4,633 लोग इस संक्रामक रोग के चलते जान गंवा चुके हैं.
बीजिंग/वुहान, 14 मई: चीन (China) में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस के 15 नए मामले सामने आए जिनमें से 12 मरीजों में बीमारी के लक्षण नहीं दिखे. वैश्विक महामारी का दूसरा दौर शुरू होने की आशंकाओं के बीच इस जानलेवा संक्रामक रोग का केंद्र रहे वुहान शहर में 1.1 करोड़ लोगों की कोविड-19 के लिए बड़े पैमाने पर जांच शुरू हो गई है.
चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (NHC) ने बताया कि तीन मामले स्थानीय हैं जिनमें से दो लियाओनिंग प्रांत और एक जिलिन प्रांत में सामने आया. एनएचसी ने बताया कि बुधवार तक चीन मुख्य भूभाग पर संक्रमितों की संख्या 82,929 थी जिनमें से 101 मरीजों का अब भी इलाज चल रहा है. चीन में अब तक कुल 4,633 लोग इस संक्रामक रोग के चलते जान गंवा चुके हैं.
यह भी पढ़ें: कोविड-19 के चलते 2020 की पहली तिमाही में वैश्विक व्यापार तीन प्रतिशत गिरा: संयुक्त राष्ट्र
मामले बढ़ने के बाद जिलिन शहर के अधिकारियों ने कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए कई कदम उठाए हैं. जिलिन की उप महापौर गाई डोंगपिंग ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि शहर में स्थानीय रूप से संक्रमण के 21 मामले सामने आए हैं जिनमें से दो मरीजों को बीमारी के लक्षण नहीं थे.
हांगकांग स्थित साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने उनके हवाले से कहा, ‘‘मौजूदा स्थिति बहुत गंभीर और जटिल है तथा इससे संक्रमण के और फैलने का खतरा है. इस महामारी को रोकने के लिए जिलिन महामारी रोकथाम एवं नियंत्रण समूह ने जिलिन के शहरी इलाके में रोकथाम संबंधी कदमों को लागू करने का फैसला किया है.’’
एनएचसी ने बताया कि 712 लोगों में बीमारी के लक्षण दिखाई नहीं दिए. इनमें हुबेई प्रांत और उसकी राजधानी वुहान में 574 मामले शामिल हैं. वुहान में स्थानीय स्वास्थ्य आयोग ने कहा कि बुधवार को कोरोना वायरस के किसी नए मामले की पुष्टि नहीं हुई. इस बीच, वुहान ने अपनी 1.1 करोड़ की आबादी की जांच कराने का व्यापक अभियान बुधवार को शुरू कर दिया.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 14, 2020 11:04 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

