Tesla CEO Replacement Rumors: एलन मस्क के इस्तीफे की खबरें झूठी, टेस्ला बोर्ड ने अफवाहों पर लगाया विराम
Tesla ने Elon Musk को हटाने की अटकलों को सिरे से खारिज किया है. कंपनी ने कहा कि CEO के रूप में मस्क के नेतृत्व पर बोर्ड को पूरा भरोसा है. WSJ की रिपोर्ट को "पूरी तरह झूठा" बताते हुए Tesla ने मीडिया में स्थिति स्पष्ट कर दी है.
दुनिया की प्रमुख इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी टेस्ला ने उन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है जिनमें दावा किया गया था कि कंपनी एलन मस्क की जगह नया CEO तलाशने के लिए रिक्रूटमेंट फर्म्स से संपर्क कर रही है.
अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल ने बुधवार को अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया था कि टेस्ला के बोर्ड ने पिछले महीने से एलन मस्क की जगह किसी नए CEO की तलाश शुरू कर दी है. इस रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि मस्क की अमेरिकी राजनीति में बढ़ती व्यस्तता और टेस्ला के गिरते शेयर मूल्य को लेकर बोर्ड में असंतोष है.
टेस्ला ने दी प्रतिक्रिया
गुरुवार को टेस्ला की ओर से जारी बयान में इन दावों को "पूरी तरह से झूठा" बताया गया. कंपनी ने कहा, "बोर्ड को एलन मस्क की नेतृत्व क्षमता पर पूरा भरोसा है और उन्हें कंपनी के रोमांचक विकास योजना को आगे बढ़ाने के लिए उपयुक्त माना जाता है."
टेस्ला की चेयरपर्सन रोबिन डेनहोम ने मस्क के ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, "एक मीडिया रिपोर्ट में झूठा दावा किया गया कि टेस्ला बोर्ड ने CEO की खोज के लिए रिक्रूटमेंट फर्म्स से संपर्क किया है. यह पूरी तरह असत्य है और हमने यह बात उस मीडिया संस्था को रिपोर्ट प्रकाशित होने से पहले ही बता दी थी." उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि “टेस्ला के CEO एलन मस्क ही हैं.”
इस इनकार से ठीक पहले वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अज्ञात सूत्रों के हवाले से लिखा था कि बोर्ड ने मस्क से कहा है कि उन्हें टेस्ला पर ज्यादा समय देना चाहिए और यह बात उन्हें सार्वजनिक रूप से कहनी चाहिए. रिपोर्ट के अनुसार, मस्क ने इस सुझाव का विरोध नहीं किया. पिछले सप्ताह टेस्ला की कमाई से संबंधित एक कॉन्फ्रेंस कॉल में मस्क ने कहा था, “मैं अब टेस्ला को काफी अधिक समय दूंगा.”
इस पूरे घटनाक्रम से साफ है कि टेस्ला अपने प्रमुख एलन मस्क के साथ खड़ी है और उनके नेतृत्व पर भरोसा जताती है. हालांकि, टेस्ला के गिरते शेयर और मस्क की अन्य कंपनियों और राजनीतिक गतिविधियों में बढ़ती भागीदारी को लेकर सवाल बने हुए हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2025 12:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

