T20 World Cup-2022: क्रिकेटर गौतम गंभीर ने सेमीफाइनल में भारत की हार पर जताई निराशा
पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर ने ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत की इंग्लैंड के हाथों 10 विकेट की हार पर निराशा जताते हुए सोशल मीडिया पर एक कटाक्ष किया है.
नयी दिल्ली, 11 नवम्बर : पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर ने ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत की इंग्लैंड के हाथों 10 विकेट की हार पर निराशा जताते हुए सोशल मीडिया पर एक कटाक्ष किया है. भारत की 2007 में टी20 विश्व कप और 2011 में वनडे विश्व कप में खिताबी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले गंभीर ने एक पोस्ट करते हुए लिखा, "आप उन्हीं से उम्मीद कर सकते हैं जो कुछ कर सकते हैं." एक प्रशंसक ने गंभीर के ट्वीट का जवाब देते हुए कहा, "उनके कहने का मतलब यही है कि उन्हें शुरूआत से इस टीम से कोई उम्मीद नहीं थी."
एक अन्य प्रशंसक ने इस हार के लिए आईपीएल के ओवरडोज और भारतीय खिलाड़ियों के आईसीसी इवेंट्स और ट्राफियों के प्रति लापरवाह होने को जिम्मेदार ठहराया. एक प्रशंसक ने गंभीर की टिप्पणी पर जवाब देते हुए लिखा, "आईपीएल और ब्रांड्स खिलाड़ियों को बिगाड़ रहे हैं. उन्हें अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपने प्रदर्शन की कोई परवाह नहीं है. वे आईपीएल में अच्छा खेलते हैं और अच्छा पैसा पाते हैं. इसे रोका जाना चाहिए." यह भी पढ़ें : Himachal Elections- 2022: मैदान से लेकर पहाड़ तक मुख्यमंत्री योगी की धूम, हिमाचल चुनाव में की 16 जनसभाएं
2007 में पहला टी20 विश्व कप पाकिस्तान को हराकर जीतने के बाद भारत ने फिर कभी यह ट्रॉफी नहीं जीती है. भारत ने सेमीफाइनल में 20 ओवर में छह विकेट पर 168 रन बनाये जबकि इंग्लैंड ने बिना कोई विकेट खोये 170 रन बनाकर फाइनल में प्रवेश किया जहां उसका मुकाबला रविवार को पाकिस्तान से होगा. भारतीय टीम के प्रमुख कोच राहुल द्रविड़ ने स्वीकार किया कि उनकी टीम को इंग्लैंड ने धो डाला.
भारत का 2011 वनडे विश्व कप जीतने के बाद आईसीसी टूर्नामेंटों में 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी को छोड़कर खराब प्रदर्शन लगातार बना रहा. भारत 2014 के टी20 विश्व के फाइनल में श्रीलंका से हारा जबकि 2015 वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में उसे ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा. भारत को 2016 टी20 विश्व के सेमीफाइनल में वेस्ट इंडीज से, 2017 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पाकिस्तान से और 2019 के वनडे विश्व के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से हार का सामना करना पड़ा. भारत 2021 के टी20 विश्व कप में पहले दौर में ही बाहर हो गया.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 11, 2022 02:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

