Sarfaraz Khan’s Cryptic Post: टीम इंडिया से नजरअंदाज होने के बाद सरफराज खान का क्रिप्टिक पोस्ट वायरल, बोले- 'शायद मैं फिट नहीं बैठता, लेकिन...'
सरफराज खान का यह पोस्ट साफ संकेत देता है कि वह हार मानने के लिए तैयार नहीं हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन और बेहतर फिटनेस के दम पर वह दोबारा टीम इंडिया में वापसी कर पाते हैं या नहीं.
Sarfaraz Khan’s Cryptic Post: भारतीय क्रिकेट टीम के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज सरफराज खान ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर अपने रहस्यमयी पोस्ट से क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा छेड़ दी है. श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए टीम इंडिया में जगह नहीं मिलने के बाद सरफराज ने 7 अगस्त को इंस्टाग्राम पर तेलुगु फिल्म 'जर्सी' की एक तस्वीर शेयर की. इसके साथ उन्होंने लिखा, "I may not fit in, but I'll fight with everything I've got." यानी, "शायद मैं फिट नहीं बैठता, लेकिन मैं अपनी पूरी ताकत से लड़ूंगा." पोस्ट में 'New chapter jersey 2' भी लिखा गया था. इससे पहले उन्होंने IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ने के दौरान भी इसी तरह का संदेश साझा किया था. Shakib Al Hasan Banned From Bangladesh Cricket: शाकिब अल हसन पर बांग्लादेश क्रिकेट टीम के दरवाजे बंद, शेख हसीना के प्रेस इवेंट में शामिल होने के बाद सरकार ने लिया बड़ा फैसला
टीम इंडिया से लगातार बाहर रहने का दर्द
सरफराज खान का यह पोस्ट ऐसे समय आया है, जब भारतीय टीम श्रीलंका दौरे की तैयारी में जुटी हुई है. 7 से 9 अगस्त तक कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड पर टीम इंडिया का वॉर्म-अप मैच खेला जा रहा है. शुभमन गिल आधिकारिक कप्तान हैं, लेकिन चोट के कारण वॉर्म-अप मैच में केएल राहुल टीम की कप्तानी कर रहे हैं.
ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के तहत श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए घोषित भारतीय टीम में सरफराज खान को जगह नहीं मिली. घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के बावजूद उन्हें फिर से नजरअंदाज किया गया है.
सरफ़राज़ खान का रहस्यमयी पोस्ट:
घरेलू क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड
सरफराज खान का फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है. उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 5000 से ज्यादा रन लगभग 65.26 की औसत से बनाए हैं. उनके नाम 17 शतक और 16 अर्धशतक दर्ज हैं. 2014 में रणजी ट्रॉफी डेब्यू के बाद से वह घरेलू क्रिकेट के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं.
उन्होंने फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था और अपने पहले ही मैच में 62 और नाबाद 68 रन की दो शानदार पारियां खेली थीं. इसके बाद रांची और धर्मशाला टेस्ट में भी उपयोगी पारियां खेलीं. वहीं 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरु टेस्ट में 195 गेंदों में 150 रन की शानदार शतकीय पारी खेलकर उन्होंने अपना पहला टेस्ट शतक भी जड़ा था.
हालांकि न्यूजीलैंड सीरीज के आखिरी चरण में उनका प्रदर्शन फीका रहा, जिसके बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया. अब तक वह 6 टेस्ट मैचों की 11 पारियों में 371 रन 37.10 की औसत से बना चुके हैं.
फिटनेस पर भी किया बड़ा काम
सरफराज खान को लंबे समय तक उनकी फिटनेस को लेकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था. इसके बाद उन्होंने 2025 के दौरान अपनी फिटनेस पर कड़ी मेहनत की और करीब दो महीने में 17 किलो वजन कम किया. उन्होंने अपनी डाइट से रोटी, चावल, चीनी, मैदा और बेकरी आइटम पूरी तरह हटा दिए थे. उनकी डाइट में फाइबर युक्त फल, सलाद, ग्रिल्ड फिश, चिकन, उबले अंडे, एवोकाडो, ग्रीन टी और ग्रीन कॉफी शामिल थे.
हालांकि फिटनेस में इस बड़े बदलाव के बावजूद उन्हें टीम इंडिया में नियमित जगह नहीं मिल सकी है.
भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट सीरीज का कार्यक्रम
भारत और श्रीलंका के बीच ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे.
पहला टेस्ट: 15 से 19 अगस्त 2026, गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम (सुबह 10:00 बजे IST)
दूसरा टेस्ट: 23 से 27 अगस्त 2026, सिंहली स्पोर्ट्स क्लब, कोलंबो (सुबह 10:00 बजे IST)
सरफराज खान का यह पोस्ट साफ संकेत देता है कि वह हार मानने के लिए तैयार नहीं हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन और बेहतर फिटनेस के दम पर वह दोबारा टीम इंडिया में वापसी कर पाते हैं या नहीं.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 08, 2026 12:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

