U23 Commonwealth Fencing Championship: भारत ने अंडर-23 कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप में जीते 17 पदक, चार गोल्ड समेत शानदार आगाज

गौरतलब है कि अंडर-23 कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप 2026 9 अगस्त से शुरू होकर 14 अगस्त तक चलेगी. पहले दिन के दमदार प्रदर्शन के बाद भारतीय दल से आगामी मुकाबलों में भी कई और पदकों की उम्मीद की जा रही है.

U23 Commonwealth Fencing Championship: भारत ने अंडर-23 कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप 2026 में शानदार शुरुआत करते हुए पहले ही दिन कुल 17 पदक अपने नाम किए. भारतीय खिलाड़ियों ने 4 स्वर्ण, 4 रजत और 9 कांस्य पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का परचम लहराया. नाइजीरिया के रग्बी स्कूल लागोस, एको अटलांटिक, विक्टोरिया आइलैंड में आयोजित इस प्रतियोगिता में भारतीय फेंसरों ने सेबर, फॉइल और एपे की सभी छह व्यक्तिगत स्पर्धाओं में कम से कम एक पदक जीतकर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई.

भारत के लिए पुरुष सेबर स्पर्धा में निखिल वाघ ने पहला स्वर्ण पदक जीता. महिला वर्ग में जॉयस अशिता ने फॉइल, प्राची लोहान ने एपे और जेफरलिन ने सेबर स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर भारत की गोल्ड मेडल संख्या चार तक पहुंचा दी.

स्वर्ण पदकों के अलावा भारतीय खिलाड़ियों ने अन्य स्पर्धाओं में भी शानदार प्रदर्शन किया. पुरुष सेबर में लक्षय बडसेर ने रजत, जबकि अश्विनी आर्य और लैशराम मोरंबा ने कांस्य पदक जीते. पुरुष फॉइल में तेजस पाटिल ने रजत और हेमाश सनासम ने कांस्य पदक अपने नाम किया. पुरुष एपे में लोकेश वेमानी ने रजत, जबकि शौर्य अश्विनी और गॉडविन अनबकेस ने कांस्य पदक जीते.

महिला फॉइल में कनगलक्ष्मी ने रजत पदक हासिल किया. महिला एपे में निवेध्या नायर और अनुप्रिया ने कांस्य पदक जीते. वहीं महिला सेबर में आखरी ने रजत और श्रेया गुप्ता ने कांस्य पदक जीतकर भारत के पदकों की संख्या 17 तक पहुंचा दी.

भारतीय फेंसिंग महासंघ (FAI) के महासचिव राजीव मेहता ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि युवा फेंसरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक अवसर देना संघ का प्रमुख उद्देश्य है, ताकि वे सीनियर सर्किट और बड़े टूर्नामेंटों के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें. उन्होंने कहा कि यह सफलता भारतीय फेंसिंग के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है.

गौरतलब है कि अंडर-23 कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप 2026 9 अगस्त से शुरू होकर 14 अगस्त तक चलेगी. पहले दिन के दमदार प्रदर्शन के बाद भारतीय दल से आगामी मुकाबलों में भी कई और पदकों की उम्मीद की जा रही है.

Share Now