जिदान ने छोड़ा रीयल मैड्रिड का साथ, क्लब को लगातार 3 बार चैम्पियंस लीग जिताने वाले पहले कोच
पिछले सप्ताह लगातार तीसरी बार चैम्पियंस लीग का खिताब दिलाने वाले फ्रेंच कोच जिदान पहले ऐसे कोच बन गए जिनके मार्गदर्शन में क्लब ने लगातार तीन बार लीग खिताब जीता.
मेड्रिड: चैम्पियंस लीग में लगातार तीसरी बार मिली खिताबी जीत के बाद स्पेनिश क्लब रियल मेड्रिड के कोच पद से इस्तीफा देकर सबको हैरान करने वाले जिनेदिन जिदान का कहना है कि क्लब को एक नई आवाज की जरूरत है. जिदान ने गुरुवार को घोषणा करते हुए कहा कि क्लब में बदलाव की जरूरत है और इसीलिए, उन्होंने यह फैसला लिया.
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले सप्ताह लगातार तीसरी बार चैम्पियंस लीग का खिताब दिलाने वाले फ्रेंच कोच जिदान पहले ऐसे कोच बन गए जिनके मार्गदर्शन में क्लब ने लगातार तीन बार लीग खिताब जीता.
पिछले शनिवार को खेले गए मैच में रियल ने लीवरपूल को 3-1 से हराकर लगातार तीसरी बार चैम्पियंस लीग खिताब जीता था.
फ्रांस के 45 वर्षीय निवासी जिदान ने कहा, "मुझे इस क्लब से प्यार है. मेरा यह मानना है कि इस टीम को जीत की राह पर अपना सफर बरकरार रखना चाहिए, लेकिन मुझे लगता है कि इसे बदलाव की जरूरत है."
जिदान ने कहा, "इस क्लब को एक नई आवाज की जरूरत है, एक नई पद्धति की जरूरत है और इसीलिए, मैंने यह फैसला लिया है."
उल्लेखनीय है कि इस साल फरवरी में एक बयान में जिदान ने कहा था कि अगर उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि उनकी ओर से क्लब को और कुछ देने की जरूरत नहीं है, तो वह कोच पद से अलग हो जाएंगे.
जिदान ने कहा, "मुझे पता है कि इस प्रकार के फैसले लेने का यह पल अजीब है, लेकिन यह जरूरी था. मुझे सबके लिए यह करना ही था."
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 01, 2018 08:56 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

