Virat Kohli IPL Records: एक सीजन में इतने रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं विराट कोहली, जानिए RCB के घातक बल्लेबाज के शानदार रिकॉर्ड्स
विराट कोहली ने आईपीएल 2025 में 657 रन बनाए थे, जो उनके करियर का 600 से ज्यादा रन वाला पांचवां सीजन था. वह आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बार 600+ रन बनाने वाले बल्लेबाजों में भी शामिल हैं. इसके अलावा विराट कोहली लगातार तीन सीजन में 600 से ज्यादा रन बनाने वाले सिर्फ तीसरे खिलाड़ी भी बने थे.
Virat Kohli IPL Records: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाले मुकाबले से होगी. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहली बार गत विजेता के तौर पर अपने अभियान की शुरुआत करेगी. टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) आगामी सीजन में भी अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन करना चाहेंगे. ऐसे में आइए विराट कोहली के आईपीएल करियर और उनके शानदार रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं. यह भी पढ़ें: Team India Next T20I Series: टीम इंडिया अगला टी20 इंटरनेशनल मैच कब खेलेगी? सामने आई तारीख
आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं विराट कोहली
विराट कोहली (Virat Kohli) इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने अब तक खेले 267 मैचों की 259 पारियों में 39.54 की औसत से 8,661 रन बनाए हैं. विराट कोहली आईपीएल 2026 में 9,000 रन का आंकड़ा पार करने वाले पहले बल्लेबाज भी बन सकते हैं. फिलहाल उनके बाद इस सूची में दूसरे स्थान पर रोहित शर्मा (Rohit Sharma) हैं, जिन्होंने 7,046 रन बनाए हैं. हालांकि वह विराट कोहली से काफी पीछे हैं.
आईपीएल के एक सीजन में 900+ रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज
विराट कोहली ने आईपीएल 2016 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 973 रन बनाए थे. उन्होंने यह रन 16 मैचों में लगभग 81 की शानदार औसत से बनाए थे. आज तक आईपीएल इतिहास में कोई भी बल्लेबाज एक सीजन में 900 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाया है. विराट कोहली के सबसे करीब शुभमन गिल (Shubman Gill) पहुंचे थे, जिन्होंने आईपीएल 2023 में 890 रन बनाए थे.
एक ही आईपीएल सीजन में 4 शतक लगाने वाले खिलाड़ी
आईपीएल 2016 में विराट कोहली एक ही सीजन में 4 शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने थे. उनके इस रिकॉर्ड की बराबरी बाद में जोस बटलर (Jos Buttler) ने की. जोस बटलर ने आईपीएल 2022 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए एक ही सीजन में 4 शतक लगाए थे.
एक ही फ्रेंचाइजी के लिए सबसे ज्यादा खेलने वाले खिलाड़ी
विराट कोहली (Virat Kohli) आईपीएल इतिहास के इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अब तक के सभी 18 सीजन में सिर्फ एक ही टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्रतिनिधित्व किया है.
उन्हें 2008 में आईपीएल के पहले सीजन से पहले अंडर-19 प्लेयर पूल से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपनी टीम में शामिल किया था. तब से लेकर अब तक वह लगातार इसी फ्रेंचाइजी के लिए खेल रहे हैं और लगातार रन बना रहे हैं.
विराट कोहली के अन्य खास रिकॉर्ड्स
आईपीएल 2025 में विराट कोहली ने 8 अर्धशतक लगाए थे और खास बात यह रही कि इन सभी मुकाबलों में उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को जीत मिली थी. क्रिकेट आंकड़ों के अनुसार यह आईपीएल के एक सीजन में जीते गए मैचों में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर का रिकॉर्ड है.
विराट कोहली ने आईपीएल 2025 में 657 रन बनाए थे, जो उनके करियर का 600 से ज्यादा रन वाला पांचवां सीजन था. वह आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बार 600+ रन बनाने वाले बल्लेबाजों में भी शामिल हैं. इसके अलावा विराट कोहली लगातार तीन सीजन में 600 से ज्यादा रन बनाने वाले सिर्फ तीसरे खिलाड़ी भी बने थे. ऐसे में आईपीएल 2026 में भी फैंस को उनसे एक बार फिर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी.