Pakistan Cricket News: पाकिस्तान क्रिकेट में हड़कंप, इंग्लैंड दौरे के बीच PCB ने शुरू की अनुशासन जांच, खिलाड़ियों के मोबाइल जब्त करने की खबरें

इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 0-2 से पिछड़ने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अनुशासनहीनता के आरोपों पर आंतरिक जांच शुरू की है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मोहम्मद रिजवान और इमाम-उल-हक समेत कई खिलाड़ियों के फोन का डेटा ट्रांसफर कर जांच की जा रही है.

बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान (Photo Credit: X Formerly Twitter)

Pakistan Cricket News:  इंग्लैंड के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज में करारी हार के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) में बड़ा प्रशासनिक और अनुशासनिक भूचाल आया है. लॉर्ड्स टेस्ट में 194 रनों की शर्मनाक हार के बाद पीसीबी ने टीम के अनुशासन और आचरण को लेकर एक आंतरिक जांच शुरू कर दी है. इस बीच मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि पीसीबी ने मोहम्मद रिजवान और इमाम-उल-हक समेत कई खिलाड़ियों के मोबाइल फोन जब्त कर उनके डेटा की जांच की है.

रिजवान और इमाम-उल-हक के मोबाइल डेटा की जांच

पाकिस्तानी मीडिया आउटलेट्स के अनुसार, लॉर्ड्स टेस्ट में मिली हार के तुरंत बाद टीम के सुरक्षा अधिकारी ने कुछ खिलाड़ियों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए थे. रिपोर्ट्स में कहा गया है कि फोन से डेटा ट्रांसफर करने के बाद उन्हें वापस लौटा दिया गया.  यह भी पढ़े:  PAK vs SL vs ENG ODI Tri-Series 2026 Schedule: पाकिस्तान, श्रीलंका और इंग्लैंड की वनडे ट्राई सीरीज के शेड्यूल का एलान, नोट कर लीजिए सभी मैचों की तारीख

हालांकि, पीसीबी ने फोन जब्त करने या फिक्सिंग के सीधे आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन बोर्ड के मीडिया निदेशक आमिर मीर ने यह स्वीकार किया है कि मीडिया में आई अनुशासनहीनता की खबरों के बाद नियमानुसार आंतरिक अनुशासनात्मक जांच शुरू की गई है.

सात खिलाड़ियों की छुट्टी और कोच भी हटाए गए

इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती दोनों टेस्ट मैच हारने और 0-2 से पिछड़ने के बाद पीसीबी ने कड़े कदम उठाए हैं. तीसरे और अंतिम टेस्ट से पहले मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक, सलमान अली आगा, आमिर जमाल, खुर्रम शहजाद, अली उस्मान और अवैस जफर समेत सात खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर स्वदेश वापस भेज दिया गया है.

खिलाड़ियों के अलावा कोचिंग स्टाफ में भी बड़ा बदलाव किया गया है. रेड-बॉल मुख्य कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को पद से हटाकर माइक हेसन और एशले नोफके को जिम्मेदारी सौंपी गई है.

इमाम-उल-हक की चोट पर भी उठे सवाल

जांच का दायरा इमाम-उल-हक की फिटनेस तक भी फैला हुआ है. लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान इमाम मांसपेशियों में खिंचाव (Calf Strain) के कारण दोनों पारियों में बल्लेबाजी करने नहीं उतरे थे, जबकि अभ्यास सत्र के दौरान वे थ्रो-डाउन लेते दिखे थे.

पीसीबी के हाई-परफॉर्मेंस डायरेक्टर आकिब जावेद ने सार्वजनिक रूप से इस पर सवाल उठाते हुए कहा था कि एक छोटी चोट के कारण दोनों पारियों से बाहर रहना संदिग्ध है और इसकी भी जांच की जाएगी.

अतीत के दाग और पीसीबी का आधिकारिक रुख

पाकिस्तानी क्रिकेट का इतिहास मैच फिक्सिंग और विवादों से भरा रहा है, जिसके कारण इन ताजा घटनाक्रमों ने सट्टेबाजी और फिक्सिंग की पुरानी चिंताओं को फिर से हरा कर दिया है.

हालांकि, पीसीबी के मीडिया निदेशक आमिर मीर ने कहा है कि सोशल मीडिया या बाहरी स्रोतों पर चल रही अप्रमाणित खबरों पर भरोसा न किया जाए. बोर्ड ने कहा है कि जांच की प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी तरह की अटकलों पर टिप्पणी नहीं की जाएगी और केवल आधिकारिक बयानों पर ही भरोसा किया जाना चाहिए.

Share Now