विजय हजारे ट्राफी: हैदराबाद को वीजेडी पद्वति हराकर मुंबई फाइनल में
युवा पृथ्वी साव और कप्तान श्रेयस अय्यर के अर्धशतकों की मदद से मुंबई ने बुधवार को यहां बारिश से प्रभावित मैच में हैदराबाद को वीजेडी पद्वति से 60 रन से हराकर विजय हजारे ट्राफी एकदिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनायी.
बेंगलुरू: युवा पृथ्वी साव और कप्तान श्रेयस अय्यर के अर्धशतकों की मदद से मुंबई ने बुधवार को यहां बारिश से प्रभावित मैच में हैदराबाद को वीजेडी पद्वति से 60 रन से हराकर विजय हजारे ट्राफी एकदिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनायी. मुंबई के सामने 247 रन का लक्ष्य था लेकिन जब उसने 25 ओवरों में दो विकेट पर 155 रन बनाये थे तभी झमाझम बारिश आ गयी जिसके कारण खेल आगे नहीं हो पाया. वीजेडी पद्वति से तब जीत के लिये मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 96 रन होना चाहिए था.
इससे पहले हैदराबाद ने के रोहित रायुडु के नाबाद 121 रन के दम पर आठ विकेट पर 246 रन बनाये थे. रोहित रायुडु के अलावा हैदराबाद का कोई भी बल्लेबाज मुंबई के आक्रमण के सामने नहीं टिक पाया. उनके बाद दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर 29 रन था जो बीपी संदीप ने बनाया. अंबाती रायुडु के चचेरे भाई रोहित रायुडु ने अपनी 132 गेंद की पारी में आठ चौके और चार छक्के लगाये. कप्तान अंबाती रायुडु केवल 11 रन बना पाये. मुंबई की तरफ से तुषार देशपांडे ने 55 रन देकर दो जबकि रायस्टन डियास ने 43 रन देकर दो विकेट लिये.
वेस्टइंडीज के खिलाफ श्रृंखला में अपने टेस्ट करियर का शानदार आगाज करने वाले साव ने 44 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 61 रन बनाकर मुंबई को धमाकेदार शुरुआत दिलायी. इस बीच उनके और हैदराबाद के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के बीच शानदार द्वंद्व भी देखने को मिला. बायें हाथ के स्पिनर मेहदी हसन (23 रन देकर दो) ने साव को बोल्ड किया. इससे पहले उन्होंने रोहित शर्मा (17) की भी गिल्लियां बिखेरी थी. अय्यर (53 गेंदों पर नाबाद 55) ने यहीं से जिम्मेदारी संभाली. जब बारिश के कारण खेल रोका गया तब अय्यर के साथ अंजिक्य रहाणे 17 रन पर खेल रहे थे.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 17, 2018 05:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

