MI vs KKR 32nd IPL Match 2020: कोलकाता को 8 विकेट से हराकर मुंबई ने दर्ज की लगातार पांचवीं जीत

क्विंटन डिकॉक (नाबाद 78) और कप्तान रोहित शर्मा (35) की आक्रामक शुरुआत और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी के दम पर मुंबई इंडियन्स ने शुक्रवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को आठ विकेट से हराया.

मुंबई इंडियंस (Photo Credits: File Photo)

अबुधाबी: क्विंटन डिकॉक (नाबाद 78) और कप्तान रोहित शर्मा (35) की आक्रामक शुरुआत और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी के दम पर मुंबई इंडियन्स ने शुक्रवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को आठ विकेट से हराया.

डिकॉक ने 44 गेंद की नाबाद पारी में नौ चौके और तीन छक्के लगाये. टूर्नामेंट में यह मुंबई की लगातार पांचवीं जीत है जिससे टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गयी है. आठ मैचों में छह जीत के साथ टीम के नाम 12 अंक है. इतने ही मैच में केकेआर आठ अंक के साथ चौथे स्थान पर है.

यह भी पढ़े | IPL 2020: राजस्थान रॉयल्स ने किया स्पष्ट, Steve Smith बनें रहेंगे टीम के कप्तान.

केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 148 रन बनाये. मुंबई ने इस लक्ष्य को 16.5 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया. मैच से कुछ घंटे पहले हालांकि विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक बल्लेबाजी पर ध्यान केंद्रित करने की बात कहते हुए केकेआर की कप्तान पद से हट गये. उनकी जगह इंग्लैंड के विश्व कप विजेता कप्तान और आईपीएल में इस फ्रेंचाइजी में अब तक उप कप्तान की भूमिका निभा रहे मोर्गन को कमान सौंपी गयी है.

यह भी पढ़े | MI vs KKR 32nd IPL Match 2020: पैट कमिंस की शानदार बल्लेबाजी, कोलकाता ने मुंबई को दिया 149 रन का लक्ष्य.

केकेआर की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए मैच के 18वें ओवर तक रन बनाने के लिए संघर्ष कर रही थी लेकिन आखिरी दो ओवरों में मोर्गन और पैट कमिंस ने 35 रन जोड़कर टीम को सम्मान जनक स्कोर तक पहुंचाया. इस दौरान कमिंस ने 53 रन की नाबाद पारी खेलने के अलावा कप्तान इयोन मोर्गन (नाबाद 39) के साथ छठे विकेट के लिए उनकी 87 रन की अटूट साझेदारी की. लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित और डिकॉक ने पहली गेंद से ही आक्रामक रूख अपनाया. रोहित ने पारी की पहली गेंद पर ही क्रिस ग्रीन के खिलाफ चौका लगाकर कर खाता खोला. उन्होंने इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा के दूसरे ओवर में लगातार दो चौके लगाये. अब बारी डिकॉक की थी जिन्होंने चौथे ओवर में कमिंस का स्वागत लगातार दो चौके से किया.

उन्होंने पारी के सातवें ओवर में कृष्णा की गेंद पर पहला छक्का लगाया और फिर नौवें ओवर में रसेल के खिलाफ छक्के के साथ 25 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया. रोहित शर्मा ने भी इसके बाद वरूण चक्रवर्ती की गेंद पर गगनचुंबी छक्का लगाया. वह हालांकि 11वें ओवर में शिवम मावी की गेंद पर विकेट कीपर कार्तिक को कैच थाम बैठे. उन्होंने 36 गेंद में पांच चौके और एक छक्का की मदद से 35 रन बनाये. लय में चल रहे सूर्यकुमार यादव हालांकि इस पारी में कुछ खास नहीं कर सके और चक्रवर्ती की गेंद पर बोल्ड हो गये.

डिकॉक का साथ देने मैदान पर आये हार्दिक पंड्या ने कमिंस द्वारा किये गये 16वें ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाया. हार्दिक ने 17वें ओवर में चौका लगाकर स्कोर बराबर करने के बाद पांचवीं गेंद पर एक रन लेकर टीम का जीत दिला दी. हार्दिक 11 गेंद में 21 रन बनाकर नाबाद रहे. इससे पहले मोर्गन का टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला हालांकि सही साबित नहीं हुआ, टीम पारी की शुरुआत में रन बनाने के लिए संघर्ष कर रही थी. मुंबई इंडियन्स की कसी हुई गेंदबाजी का फायदा उन्हें तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर राहुल त्रिपाठी के विकेट से मिला. प्वाइंट पर क्षेत्ररक्षण कर रहे सूर्यकुमार यादव ने ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर राहुल त्रिपाठी (सात) का शानदार कैच लपका.

इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आये नितीश राणा (पांच रन) भी कुछ खास नहीं कर सके और पांचवें ओवर में नाथन कुल्टर-नील की गेंद विकेटकीपर डिकॉक को कैच थमा बैठे. कप्तानी के बोझ से मुक्त हुए कार्तिक ने सातवें ओवर में कृणाल पंड्या की अंतिम गेंद पर चौका लगाया लेकिन इसके बाद गेंदबाजी के लिये आये राहुल चाहर ने पारी के आठवें ओवर की लगातार दो गेंदों पर शुभमन गिल और कार्तिक को पवेलियन की राह दिखाई. गिल का कैच कीरोन पोलार्ड ने पकड़ा जबकि कार्तिक स्विप लगाने की कोशिश में बोल्ड हो गये. गिल ने 23 गेंद में 21 रन बनाये तो वहीं कार्तिक आठ गेंद में सिर्फ चार रन का योगदान दे सके.

कप्तान मोर्गन का साथ देने क्रीज पर आये रसेल ने कृणाल की गेंद पर छक्का लगाया लेकिन बुमराह की बाउंसर पर उन्होंने विकेटकीपर डिकॉक को कैच थमा दिया. इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आये पैट कमिंस ने कुल्टर-नील के ओवर में दो चौका और एक छक्का लगाकर रन गति तेज करने की कोशिश की। पारी के इस 13वें ओवर में 16 रन बने. मोर्गन हालांकि रन बनाने में जूझते दिखे और उन्होंने 17वें ओवर की पहली गेंद पर चौका लगा टीम के स्कोर को 100 के पार पहुंचाया.

कमिंस ने बोल्ट के 19वें ओवर में एक छक्का और एक चौका लगाने के बाद अंतिम ओवर में कुल्टर-नील की गेंद पर चौका लगाकर 35 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया. मोर्गन ने भी इस ओवर में दो छक्के लगाये. मुंबई के लिए राहुल ने चार ओवर में महज 18 रन देकर चार विकेट लिये. बोल्ट, बुमराह और कुल्टर-नील को एक-एक सफलता मिली. कुल्टर-नील ने हालांकि चार ओवर में 51 रन लुटाये.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

IPL 2026 Points Table With Net Run-Rate (NRR): राजस्थान रॉयल्स से जीतकर सातवें पायदान पर पहुंची दिल्ली कैपिटल्स, टॉप तीन पर इन टीमों का कब्जा, देखें अपडेट पॉइंट्स टेबल

DC vs RR, IPL 2026 62nd Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से दी करारी शिकस्त, केएल राहुल और अभिषेक पोरेल ने खेली ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

CSK vs SRH, IPL 2026 63rd Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा चेन्नई सुपरकिंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

DC vs RR, IPL 2026 62nd Match Scorecard: अरुण जेटली स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने रखा 194 रनों का टारगेट, ध्रुव जुरेल और रियान पराग ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड