क्रिकेट

Live Cricket Streaming and Score India vs Australia 1st ODI 2019: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया 2019 के पहले वनडे मैच को आप हॉटस्टार पर देख सकते हैं लाइव

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया के बीच आज यानि शनिवार से पांच मैचों की वनडे सीरीज शुरू हो रही है, जिसका पहला मैच हैदराबाद (Hyderabad) के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम (Rajiv Gandhi International Cricket Stadium) में खेला जाएगा.

Live Cricket Streaming and Score India vs Australia 1st ODI 2019: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया 2019 के पहले वनडे मैच को आप हॉटस्टार पर देख सकते हैं लाइव
टीम इंडिया (Photo: BCCI/ Twitter)

India vs Australia 1st ODI 2019: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया के बीच आज यानि शनिवार से पांच मैचों की वनडे सीरीज शुरू हो रही है, जिसका पहला मैच हैदराबाद (Hyderabad) के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम (Rajiv Gandhi International Cricket Stadium) में खेला जाएगा. यह सीरीज भारत के लिए काफी अहम है, क्योंकि 30 मई से इंग्लैंड में शुरू हो रहे वनडे विश्व कप से पहले यह भारत की आखिरी सीरीज है और इस सीरीज में टीम का प्रदर्शन, चयन काफी कुछ निर्भर करता है. एक लिहाज से यह भारत की विश्व कप से पहले अग्नि परीक्षा है. क्रिकेट के महाकुंभ के लिए भारतीय टीम लगभग तय है, लेकिन कुछ स्थानों को लेकर अभी भी पशोपेश बना हुआ है. इस सीरीज में इन्हीं जगहों पर चयनकर्ताओं का ध्यान होगा.

भारत इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के हाथों T20 सीरीज में हार झेलने के बाद उतर रहा है. अब वह नए प्रारूप में एक नई शुरुआत करना चाहेगी. T20 सीरीज में भारत को आखिरी ओवरों में दिक्कतों का सामना करना पड़ा था और इसी कारण उसे दोनों मैचों में हार मिली थी. वनडे सीरीज में भी टीम के पास भुवनेश्वर कुमार का विकल्प मौजूद नहीं है. चयनकर्ताओं ने उन्हें आराम दिया है. भुवनेश्वर डेथ ओवरों में भारत के बेहद अहम गेंदबाज हैं. आखिरी ओवरों में उनकी कमी T20 में भारत को खल चुकी है. डेथ ओवरों में भारत के पास एक मात्र विकल्प जसप्रीत बुमराह हैं. उन्हें दूसरे छोर से मदद की जरूरत है और इसके लिए मोहम्मद शमी पर भरोसा किया जा सकता है. इन दोनों के अलावा तेज गेंदबाजी में भारत के पास सिद्धार्थ कौल भी मौजूद हैं. उम्मीद की जाएगी कि T20 में डेथ ओवरों की असफलता को भारत वनडे में खत्म करेगा. (मैच का लाइव स्कोर देखने के लिए यहां क्लिक करें).

यह भी पढ़ें- अभिनंदन के वतन लौटने की खुशी में विराट कोहली और BCCI ने उन्हें ऐसे किया सलाम

हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में विजय शंकर का खेलना तय है. इस लिहाज से अंतिम-11 में बुमराह और शमी का खेलना तय माना जा रहा है. हैदराबाद की विकेट को देखते हुए पूरी संभावना है कि भारत दो स्पिन गेंदबाजों युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव के साथ उतरे. बल्लेबाजी में कप्तान विराट कोहली के अलावा रोहित शर्मा, शिखर धवन अहम खिलाड़ी हैं. आखिरी T20 में कोहली ने रोहित को आराम दिया था और शिखर धवन को लोकेश राहुल के साथ पारी की शुरुआत करने भेजा था. राहुल को कोहली ने दोनों T20 मैचों में मौका दिया था. वह वनडे में भी राहुल को मौका दे सकते हैं.

अगर राहुल को मौका मिलता है तो यह उनके लिए विश्व कप टीम के लिए अपनी दावेदारी पेश करने का अच्छा अवसर होगा. मध्यक्रम में कोहली के पास केदार जाधव, अंबाती रायडू और ऋषभ पंत के विकल्प मौजूद हैं. बीती वनडे सीरीजों में दिनेश कार्तिक को भारत ने काफी आजमाया, लेकिन वह ज्यादा सफल नहीं हो सके. इसलिए अब पंत को मौका मिला है. पंत के पास भी विश्व कप के लिए दावेदारी ठोकने का मौका है.

यह भी पढ़ें- IPL 2019: जसप्रीत बुमराह ने कहा- आ रहा हूं चीकू भैया और इस बार आप मेरे टीम में भी नहीं हो, विराट कोहली ने दिया जवाब, कहा- अपने कैप्टन को स्लेज करेगा?

वहीं ऑस्ट्रेलिया की बात की जाए तो उसके लिए कप्तान एरॉन फिंच का फॉर्म चिंता का विषय है. हाल ही में भारत ने ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था. वहां भी फिंच का बल्ला खामोश था. बीते 10 वनडे मैचों में फिंच ने सिर्फ 225 रन बनाए हैं. मेहमान टीम के लिए अच्छी बात यह है कि ग्लैन मैक्सवेल फॉर्म में वापसी कर गए हैं. T20 सीरीज में उन्होंने पहले मैच में अर्धशतक और दूसरे मैच में शतक जमाया था. इन दोनों के अलावा एलेक्स कैरी, उस्मान ख्वाजा, पीटर हैंड्सकॉम्ब, शॉन मार्श जैसे अच्छे बल्लेबाज भी ऑस्ट्रेलिया के पास हैं. मार्क स्टोइनिस वनडे में भारत के लिए गेंद और बल्ले दोनों से बड़ा खतरा हो सकते हैं.

गेंदबाजी में पैट कमिंस, झाए रिचर्डसन, एंड्रयू टाई और नाथन कल्टर नाइल पर ऑस्ट्रेलिया काफी हद तक निर्भर करेगी. उसके पास एडम जाम्पा और एश्टन टर्नर के तौर पर दो स्पिनर भी हैं, लेकिन T20 में ये दोनों ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे. वनडे में ऑस्ट्रेलियाई टीम मध्य के ओवरों में इन दोनों से विकेट निकालने के अलावा रन रोकने की उम्मीद करेगी.

संभावित टीम इस प्रकार है:

भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, लोकेश राहुल, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), केदार जाधव, अंबाती रायडू, विजय शंकर, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, सिद्धार्थ कौल, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह.

बता दें कि यह मैच भारतीय समयनुसार दोपहर 1.30 बजे शूरू होगा. इस मैच को आप Hotstar पर लाइव देख सकते हैं.

ऑस्ट्रेलिया: एरॉन फिंच (कप्तान), जेसन बेहरनडोर्फ, एलैक्स कैरी, नाथन कल्टर नाइल, पैट कमिंस, पीटर हैंड्सकॉम्ब, उस्मान ख्वाजा, नाथन लॉयन, शॉन मार्श, ग्लैन मैक्सेवल, झाए रिचर्डसन, एंड्रयू टाई, मार्कस स्टोइनिस, एश्टन टर्नर, एडम जाम्पा.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 02, 2019 12:41 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).