IPL 2026: आईपीएल के आगामी सीजन के पहले चरण में खेले जाएंगे 4 डबल-हेडर मुकाबले, नोट कर लीजिए तारीख, वेन्यू और समय
आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है और इसके लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. इस बार इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के शेड्यूल को दो चरणों में जारी किया जाएगा. ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि देश के कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. इसी बीच बुधवार 11 मार्च को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आईपीएल 2026 के पहले चरण का शेड्यूल जारी कर दिया है.
Indian Premier League 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) के नए सीजन का इंतजार कर रहे क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है. इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है. इस बार भी टूर्नामेंट में 10 टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी. चुनावी कार्यक्रमों को देखते हुए बीसीसीआई पहले चरण में सिर्फ शुरुआती 20 दिनों का शेड्यूल जारी कर सकता है. माना जा रहा है कि टूर्नामेंट का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद (Royal Challengers Bengaluru vs Sunrisers Hyderabad) के बीच बेंगलुरु में खेला जाएगा. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस सीजन में डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर मैदान पर उतरेगी. यह भी पढ़ें: Virat Kohli New Milestone In IPL 2026: आईपीएल के आगामी सीजन में कई बड़े रिकॉर्ड बना सकते हैं विराट कोहली, यहां देखें RCB के घातक बल्लेबाज के आकंड़ें
आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है और इसके लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. इस बार इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के शेड्यूल को दो चरणों में जारी किया जाएगा. ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि देश के कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. इसी बीच बुधवार 11 मार्च को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आईपीएल 2026 के पहले चरण का शेड्यूल जारी कर दिया है.
पहले चरण में 28 मार्च से 12 अप्रैल तक कुल 20 मुकाबले खेले जाएंगे. इस दौरान सभी टीमें लगभग 4-4 मैच खेलेंगी. खास बात यह है कि पहले चरण में कुल 4 डबल-हेडर मुकाबले भी खेले जाएंगे. ऐसे में आइए जानते हैं कि ये डबल-हेडर मैच कब और कहां खेले जाएंगे.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होगा ओपनिंग मैच
आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला 28 मार्च को पिछली बार की चैंपियन टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा. यह मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा. आईपीएल के नियम के अनुसार डिफेंडिंग चैंपियन टीम ही टूर्नामेंट का पहला मैच खेलती है, इसलिए इस बार ओपनिंग मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मैदान में उतरेगी.
4 अप्रैल को डबल-हेडर में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस सहित चार टीमों का मुकाबला
पहला डबल-हेडर मुकाबला शनिवार 4 अप्रैल को खेला जाएगा. इस दिन दोपहर के मैच में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस आमने-सामने होंगी. यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा.
वहीं शाम के मुकाबले में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स की टीमें भिड़ेंगी. यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा.
5 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम चेन्नई सुपर किंग्स
रविवार 5 अप्रैल को भी डबल-हेडर मुकाबले खेले जाएंगे. इस दिन पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स की टीमें आमने-सामने होंगी. यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा.
इसके बाद शाम के मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स की टीमों के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा. यह मैच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा.
11 अप्रैल को पंजाब किंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स
तीसरा डबल-हेडर मुकाबला शनिवार 11 अप्रैल को खेला जाएगा. इस दिन दोपहर के मैच में पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें भिड़ेंगी. यह मुकाबला मुल्लांपुर स्टेडियम में भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा.
वहीं शाम के मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें आमने-सामने होंगी. यह मैच चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा.
12 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
आईपीएल 2026 के पहले चरण का आखिरी डबल-हेडर मुकाबला रविवार 12 अप्रैल को खेला जाएगा. इस दिन पहले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस की टीमों के बीच मुकाबला होगा. यह मैच लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा. इसके बाद शाम को मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच बड़ा मुकाबला खेला जाएगा. यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा.