क्रिकेट

IPL 2023: सूर्यकुमार यादव ने आईपीएल में पहली बार किया यह अनोखा कारनामा, सचिन तेंदुलकर के बाद मुंबई इंडियंस के लिए ऐसा करने वाले बने दूसरे बल्लेबाज

Indian Premier League: मुंबई इंडियंस के विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के लिए भले ही इस सीजन की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. लेकिन सूर्यकुमार यादव ने शानदार तरीके से वापसी करते हुए इस सीजन बल्ले से कुल 605 रन बनाए.

IPL 2023: सूर्यकुमार यादव ने आईपीएल में पहली बार किया यह अनोखा कारनामा, सचिन तेंदुलकर के बाद मुंबई इंडियंस के लिए ऐसा करने वाले बने दूसरे बल्लेबाज
सूर्यकुमार यादव (Photo Credits: Twitter)

मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) के 16वें सीजन में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) का सफर दूसरे क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) से मिली हार के साथ ही समाप्त हो गया. इस सीजन मुंबई इंडियंस की तरफ से दूसरे हाफ में काफी शानदार खेल देखने को मिला. इसकी सबसे बड़ी वजह मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव की बेहतरीन बल्लेबाजी थी. अपने आईपीएल करियर में सूर्यकुमार यादव ने पहली बार किसी सीजन में 600 से ज्यादा रन बनाने में कामयाबी हासिल की है.

अब आईपीएल में सूर्यकुमार यादव मुंबई इंडियंस की तरफ से एक सीजन में 600 से ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं. सूर्यकुमार यादव ने यह कारनामा अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दूसरे क्वालीफायर मुकाबले के दौरान किया. Gujarat Titans Road To Final: मुंबई इंडियंस को हराकर आईपीएल 2023 के फाइनल में पहुंची गुजरात टाइटंस, यहां जानें कैसा रहा इस सीजन में 'जीटी' का सफर

बता दें कि आईपीएल के इस सीजन में सूर्यकुमार यादव ने 43.21 के औसत से कुल 605 रन बनाए हैं. सूर्यकुमार के बल्ले से इस सीजन एक शतकीय जबकि 5 अर्धशतकीय पारियां भी निकली हैं. मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में एक सीजन में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है. मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने साल 2010 के सीजन में कुल 618 रन बनाए थे.

अपने टी20 करियर में सूर्यकुमार यादव ने पूरे किए 6500 रन

टी20 करियर में सूर्यकुमार यादव ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपनी 61 रनों की पारी की बदौलत टी20 करियर में 6500 रन पूरे करने में भी कामयाबी हासिल कर ली हैं. यह अनोखा मुकाम सूर्यकुमार यादव ने अपनी 258वीं टी20 पारी में हासिल किया, जिसमें उनका औसत 35 का जबकि स्ट्राइक रेट 151 का है.

इंटरनेशनल क्रिकेट में साल 2021 में डेब्यू करने के बाद से सूर्यकुमार यादव का टी20 में टीम इंडिया की तरफ से शानदार खेल देखने को मिला है. मौजूदा समय में नंबर वन टी20 रैंकिंग बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने अब तक टीम इंडिया के लिए कुल 48 टी20 मैचों में 46.53 के औसत से कुल 1675 रन बनाए हैं. इस दौरान सूर्यकुमार यादव के बल्ले से 3 शतक और 13 अर्धशतकीय पारियां निकल चुके हैं. टीम इंडिया की तरफ से इंटरनेशनल टी20 फॉरमेट में 1 साल में 1000 से अधिक रन बनाने वाले सूर्यकुमार यादव पहले बल्लेबाज हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on May 27, 2023 05:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).