क्रिकेट

IPL 2023 Final: खिताबी मुकाबले में मैदान पर एमएस धोनी के कदम रखते ही बन जाएगा ये महा रिकॉर्ड, रच देंगे अनोखा इतिहास

MS Dhoni Record: चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल इतिहास में सबसे ज़्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं. वहीं चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले के ज़रिए धोनी एक और महारिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लेंगे.

IPL 2023 Final: खिताबी मुकाबले में मैदान पर एमएस धोनी के कदम रखते ही बन जाएगा ये महा रिकॉर्ड, रच देंगे अनोखा इतिहास
एमएस धोनी (Photo Credits: Twitter)

मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (Indian Premier League 2023) का फाइनल मुकाबला आज चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा. चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) आईपीएल के 16वें सीजन के फाइनल मुकाबले के लिए मैदान पर उतरते ही एक नया इतिहास रच देंगे. इस मुकाबले के ज़रिए एमएस धोनी एक खास रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लेंगे. फाइनल के अलावा ये मैच चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एमएस धोनी के लिए बेहद खास होगा.

बता दें कि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा. इस मैच के ज़रिए महेंद्र सिंह धोनी अपने आईपीएल करियर का 250वां मैच खेलेंगे. आईपीएल में इस आंकड़े तक पहुंचने वाले एमएस धोनी पहले खिलाड़ी बन जाएंगे. CSK vs GT, IPL Final 2023: चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच आज होगी कांटें की टक्कर, इन दिग्गज खिलाड़ियों पर होगी सबकी निगाहें

आईपीएल के 16वें सीजन का फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मुकाबले की शुरुआत शाम 7:30 बजे से होगी. इस खिताबी मुकाबले से पहले क्लोज़िंग सेरेमनी भी होगी, जिसकी शुरुआत शाम 6:00 बजे होगी. वहीं एमएस धोनी मौजूदा समय में भी सबसे ज़्यादा आईपीएल मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं. अब तक एमएस धोनी अपने करियर में 249 आईपीएल मैच खेल चुके हैं. इस लिस्ट में मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा 243 मैच के साथ दूसरे पायदान पर हैं.

एमएस धोनी की कप्तानी में 10वां फाइनल खेलेगी सीएसके

आईपीएल इतिहास में अब तक एमएस धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स 9 बार फाइनल खेल चुकी है, जिसमें टीम ने 4 में जीत हासिल कर खिताब पर कब्ज़ा किया है और 5 मुकाबले गंवाए हैं. आज सीएसके धोनी की कप्तानी में 10वीं बार फाइनल मुकाबला खेलने के लिए मैदान में उतरेगी. अगर चेन्नई सुपर किंग्स यह मैच जीत जाती है, तो टीम सबसे ज़्यादा 5 खिताब जीतने में मुंबई इंडियंस की बराबरी कर लेगी.

अब तक ऐसा रहा एमएस धोनी का आईपीएल का सफर

बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एमएस धोनी ने आईपीएल 2008 यानी पहले सीज़न में डेब्यू किया था, जब से लेकर अब तक धोनी ने 249 मैच खेले हैं. इन मैचों की 217 पारियों में बल्लेबाज़ी करते हुए धोनी ने 39.09 की औसत और 135.96 के स्ट्राइक रेट से 5082 रन बनाए हैं. इस दौरान धोनी के बल्ले से 24 अर्धशतकीय पारी भी निकली हैं. आईपीएल में एमएस धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के अलावा राइजिंग पुणे सुपर जाएंट्स के लिए खेल चुके हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on May 28, 2023 04:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).