क्रिकेट

सुनील गावस्कर के आरोपों पर विराट कोहली ने दी सफाई, अभ्यास मैच नहीं खेलने के पीछे बताई यह वजह

सोनी लिव पर माइकल होल्डिंग को दिए इंटरव्यू में कोहली ने कहा ,‘लोग अभ्यास मैचों की बात करते हैं लेकिन अहम सवाल यह है कि ये मैच कहां हो रहे हैं और विरोधी टीम का गेंदबाजी आक्रमण कैसा है.’उन्होंने कहा ,‘यदि टेस्ट श्रृंखला से पहले जरूरी तैयारी नहीं मिल पाती है तो इन मैचों के कोई मायने नहीं है. अच्छी विरोधी टीम सामने होने पर ही अभ्यास मैच उपयोगी होते हैं.’

सुनील गावस्कर के आरोपों पर विराट कोहली ने दी सफाई, अभ्यास मैच नहीं खेलने के पीछे बताई यह वजह
विराट कोहली (Photo Credit-Getty Images)

नई दिल्ली: भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कहा है कि अगर टेस्ट श्रृंखला से पहले आदर्श स्थितियां और अच्छी विरोधी टीम नहीं दी जाती है तो अभ्यास मैचों के कोई मायने नहीं है.भारत दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड से लगातार दो श्रृंखलायें हार गया जिसके बाद सुनील गावस्कर समेत पूर्व खिलाड़ियों ने अभ्यास मैचों की संख्या कम रहने पर सवाल उठाए हैं.

सोनी लिव पर माइकल होल्डिंग को दिए इंटरव्यू में कोहली ने कहा ,‘लोग अभ्यास मैचों की बात करते हैं लेकिन अहम सवाल यह है कि ये मैच कहां हो रहे हैं और विरोधी टीम का गेंदबाजी आक्रमण कैसा है.’उन्होंने कहा ,‘यदि टेस्ट श्रृंखला से पहले जरूरी तैयारी नहीं मिल पाती है तो इन मैचों के कोई मायने नहीं है. अच्छी विरोधी टीम सामने होने पर ही अभ्यास मैच उपयोगी होते हैं.’

इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में हार के बाद सुनील गावस्कर ने टीम के अभ्यास मैच ना खेलने पर सवाल उठाए थे. गावस्कर ने तीन दिनों के अभ्यास मैचों की ओर इशारा करते हुए कहा था ‘ वह कोई तैयारी नहीं थी. मैं समझ सकता हूं कि एक सीरीज खत्म होने के बाद आराम की जरूरत होती है लेकिन एक ही बार में पांच दिनों का आराम नहीं दिया जा सकता. यह दो मैचों के बीच में तीन- तीन दिनों का हो सकता है.’

उन्होंने अभ्यास मैच में सभी 18 खिलाड़ियों के साथ उतरने की योजना की भी आलोचना करते हुए कहा, ‘उन्हें कम से कम दो तीन वनडे मैच खेलने चाहिए थे. 18 खिलाड़ियों के साथ नहीं बल्कि 11 खिलाड़ियों के साथ. उन्हें अभ्यास मैचों को टेस्ट मैच की तरह लेना चाहिए था. उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में भी अभ्यास मैच को रद्द किया और पहले दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा.’

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 09, 2018 11:19 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).