क्रिकेट

India vs Australia: झाय रिचर्डसन की तूफानी गेंदबाजी के सामने रोहित शर्मा की शतकीय पारी फीकी पड़ी, मेजबान टीम ने 34 रनों से हराया

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के उम्दा प्रदर्शन के बाद झाय रिचर्डसन की तूफानी गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलिया ने पहले वनडे मैच में शनिवार को यहां भारत को 34 रन से हराकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 1000वीं जीत दर्ज की.

India vs Australia: झाय रिचर्डसन की तूफानी गेंदबाजी के सामने रोहित शर्मा की शतकीय पारी फीकी पड़ी, मेजबान टीम ने 34 रनों से हराया
रोहित शर्मा (Photo Credit: Twitter)

India vs Australia: ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के उम्दा प्रदर्शन के बाद झाय रिचर्डसन की तूफानी गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलिया ने पहले वनडे मैच में शनिवार को यहां भारत को 34 रन से हराकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 1000वीं जीत दर्ज की. ऑस्ट्रेलिया के 289 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम रिचर्डसन (26 रन पर चार विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने रोहित शर्मा (133) के 22वें शतक के बावजूद नौ विकेट पर 254 रन ही बना सकी. इस मैच में पदार्पण कर रहे जेसन बेहरनडोर्फ ने 39 जबकि मार्कस स्टोइनिस ने 66 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए.

रोहित शर्मा ने 129 गेंद की अपनी पारी में 10 चौके और छह छक्के मारे. उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी (51) के साथ चौथे विकेट के लिए उस समय 137 रन की साझेदारी की जब भारत चार रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद संकट में था. भारतीय टीम हालांकि इस खराब शुरुआत से नहीं उबर सकी और रन गति के लिहाज से कभी लक्ष्य हासिल करने के करीब नहीं दिखी.

यह भी पढ़ें- हार्दिक पंड्या विवाद पर विराट कोहली ने तोड़ी चुप्पी, कहा- टीम के पास विकल्प के तौर पर रविंद्र जडेजा हैं

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने पीटर हैंड्सकोंब (73), उस्मान ख्वाजा (59) और शान मार्श (54) के अर्धशतक से पांच विकेट पर 288 रन बनाए. हैंड्सकोंब ने 61 गेंद की अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के मारे. उन्होंने स्टोइनिस (43 गेंद में नाबाद 47, दो छक्के, दो चौके) के साथ पांचवें विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी भी की जिससे टीम अंतिम सात ओवर में 80 रन जोड़ने में सफल रही.

भारत की ओवर से कुलदीप यादव ने 54 जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 66 रन देकर दो विकेट चटकाए. रविंद्र जडेजा ने 48 रन देकर एक विकेट हासिल किया. मोहम्मद शमी ने 10 ओवर में सिर्फ 46 रन खर्च किए लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला.

बता दें कि फरवरी 2017 से 24 एकदिवसीय मैचों में यह ऑस्ट्रेलिया की ये सिर्फ चौथी जीत है. लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने चौथे ओवर में चार रन तक ही तीन विकेट गंवा दिए. बेहरेनडोर्फ ने पहले ओवर की अंतिम गेंद पर शिखर धवन (00) को पगबाधा किया जबकि रिचर्डसन ने अपने दूसरे ओवर में विराट कोहली (03) को स्टोइनिस के हाथों कैच कराने के बाद अंबाती रायुडू (00) को पगबाधा किया. रायुडू ने डीआरएस का भी सहारा लिया लेकिन उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा.

यह भी पढ़ें- India vs Australia: ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट इतिहास रचने वाली विराट सेना को वनडे सीरीज में ओवर कॉन्फिडेंस ले डूब सकता है

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने टास जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन तीसरे ओवर में ही भुवनेश्वर ने कप्तान आरोन फिंच (11) को बोल्ड करके 100वां विकेट हासिल किया. सलामी बल्लेबाज एलेक्स कैरी (24) ने कुछ आकर्षक शाट खेले लेकिन 10वें ओवर में कोहली ने जब गेंद कुलदीप यादव को थमाई तो कैरी इस चाइनामैन स्पिनर स्पिनर पर चौका जड़ने के बाद स्लिप में रोहित को कैच दे बैठे.

ख्वाजा और मार्श ने 92 रन जोड़कर पारी को संवारा. ख्वाजा ने जडेजा पर चौके के साथ 23वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया और फिर खलील की गेंद पर एक रन के साथ 70 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. वह हालांकि इसके बाद अधिक देर नहीं टिक सके और जडेजा की गेंद को स्वीप करने की कोशिश में पगबाधा हो गए. उन्होंने 81 गेंद का सामना करते हुए छह चौके मारे.

मार्श को हैंड्सकोंब के रूप में उम्दा जोड़ीदार मिला. दोनों ने रन गति में इजाफा किया. हैंड्सकोंब ने भुवनेश्वर पर लगातार दो चौके मारे जबकि मार्श ने खलील पर चौके के साथ 65 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. कोहली ने एक बार फिर साझेदारी तोड़ने के लिए कुलदीप पर भरोसा किया और इस स्पिनर ने मार्श को लांग आन पर शमी के हाथों कैच कराके चौथे विकेट की 53 रन की साझेदारी का अंत किया. मार्श ने 70 गेंद का सामना करते हुए चार चौके मारे.

यह भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया में जीत के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान भी हुए विराट कोहली की टीम के मुरीद, कही ये बड़ी बात

हैंड्सकोंब ने स्टोइनिस के साथ मिलकर 42वें ओवर में टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया. इस बीच 45 गेंद तक कोई बाउंड्री नहीं लगी. स्टोइनिस ने कुलदीप पर छक्के के साथ बाउंड्री के सूखे को खत्म किया. हैंड्सकोंब ने भी इसी ओवर में छक्के के साथ सिर्फ 50 गेंद में अर्धशतक पूरा किया.

हैंड्सकोंब ने भुवनेश्वर के ओवर में दो चौके मारे. इस तेज गेंदबाज के अगले ओवर में वह हालांकि भाग्यशाली रहे जब फाइन लेग पर गेंद रायुडू के हाथ से टकराकर छह रन के लिए चली गई. वह हालांकि अगली ही गेंद पर एक्सट्रा कवर पर धवन को कैच दे बैठे.

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 12, 2019 04:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).