India A Cricket Team vs Sri Lanka A Cricket Team, Tri-Nation Series Final Weather Update: भारत ए क्रिकेट टीम बनाम श्रीलंका ए क्रिकेट टीम के बीच ट्राई-नेशन सीरीज 2026 का फाइनल मुकाबला आज यानी 21 जून को खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला दांबुला (Dambulla) के रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम (Rangiri Dambulla International Stadium) में भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे से खेला जाएगा. पिछले लीग मुकाबले में श्रीलंका ए ने सुपर ओवर में भारत ए को हराया था. ऐसे में फाइनल में दोनों टीमों के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिल सकती है. तिलक वर्मा (Tilak Varma) की कप्तानी वाली भारत ए टीम पिछली हार का बदला लेकर ट्रॉफी जीतना चाहेगी, जबकि मेजबान श्रीलंका ए खिताब अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरेगी. यह भी पढ़ें: IND vs AFG, 3rd ODI Match Scorecard: चेन्नई में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को 9 विकेट से दी करारी शिकस्त, 3-0 से सीरीज किया अपने नाम; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड
पिछले मुकाबले में दोनों टीमों के बीच काफी तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला था. सुपर ओवर में मिली हार के बाद वैभव सूर्यवंशी और विशेन हालाम्बागे के बीच मैदान पर तीखी नोकझोंक हुई थी. ऐसे में फाइनल मुकाबले में सभी की नजरें एक बार फिर दोनों टीमों के खिलाड़ियों पर रहने वाली हैं. भारत ए ने अपने पिछले मुकाबले में अफगानिस्तान ए को 101 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि श्रीलंका ए ने अफगानिस्तान ए को 103 रन से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया था.
भारत ए बनाम श्रीलंका ए हेड टू हेड (IND A vs SL A Head To Head)
ट्राई-नेशन सीरीज 2026 में दोनों टीमें अब तक दो बार आमने-सामने आ चुकी हैं. दोनों टीमों ने एक-एक मुकाबले में जीत दर्ज की है. पिछली भिड़ंत में श्रीलंका ए ने सुपर ओवर में भारत ए को मात दी थी.
भारत ए की टीम को रुतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा, प्रियंश आर्य और वैभव सूर्यवंशी से बड़ी पारियों की उम्मीद होगी. वहीं गेंदबाजी में निशांत सिंधु, अर्शद खान और यश ठाकुर अहम भूमिका निभा सकते हैं. दूसरी तरफ श्रीलंका ए की बल्लेबाजी का दारोमदार अविष्का फर्नांडो पर होगा, जिन्होंने चार मैचों में 285 रन बनाए हैं. गेंदबाजी में कुगाथस मथुलान और विशेन हालाम्बागे भारत के लिए चुनौती पेश कर सकते हैं.
रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच रिपोर्ट (Rangiri Dambulla International Stadium Pitch Report)
दांबुला की पिच आमतौर पर धीमी मानी जाती है. यहां बल्लेबाजों को खुलकर रन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ सकता है. स्पिन गेंदबाजों को इस विकेट से काफी मदद मिलने की संभावना है. मैच बढ़ने के साथ पिच और धीमी हो सकती है. ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद कर सकती है. 250 से 270 रन का स्कोर यहां चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है.
दांबुला का मौसम (Dambulla Weather Update)
भारत ए और श्रीलंका ए के बीच फाइनल मुकाबले के दौरान मौसम फैंस के लिए राहत भरी खबर लेकर आ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना काफी कम है. तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है. वहीं आर्द्रता अपेक्षाकृत अधिक रह सकती है. ऐसे में फैंस को बिना किसी बड़ी रुकावट के पूरे मुकाबले का आनंद मिलने की संभावना है.
भारत ए के लिए रुतुराज गायकवाड़ और वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी पर सभी की नजरें रहेंगी. वहीं निशांत सिंधु और अर्शद खान गेंदबाजी में अहम भूमिका निभा सकते हैं. श्रीलंका ए के लिए अविष्का फर्नांडो शानदार फॉर्म में हैं, जबकि कुगाथस मथुलान अपनी गेंदबाजी से मैच का रुख बदल सकते हैं. भारत ए और श्रीलंका ए के बीच यह मुकाबला सुबह 10:00 बजे से खेला जाएगा. भारत में इसका सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी.
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन पर एक नजर (IND A vs SL A Final Match Playing Prediction)
भारत ए: वैभव सूर्यवंशी, प्रियंश आर्य, रुतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, निशांत सिंधु, विप्रज निगम, अर्शद खान, यश ठाकुर और अनुकूल रॉय.
श्रीलंका ए: अविष्का फर्नांडो, लसिथ क्रूसपुले, पवन रत्नायके, नुवानिडु फर्नांडो, विशेन हालाम्बागे, वानुजा सहान, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), कुगाथस मथुलान, ईशान मलिंगा, दिलशन मदुशंका और दुशन हेमंथा.
नोट: भारत ए क्रिकेट टीम बनाम श्रीलंका ए क्रिकेट टीम के इस मुकाबले का स्कोरकार्ड आप हमारे वेबसाइट पर भी देख सकते हैं.












QuickLY