ICC महिला T-20 वर्ल्ड कप 2018: कप्तान हरमनप्रीत कौर की धुआंधार पारी के बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड को 34 रनों से हराया

कप्तान हरमनप्रीत के रिकार्ड शतक और युवा जेमिमा रोड्रिग्स के साथ उनकी शतकीय साझेदारी से भारत ने शुक्रवार को यहां खिताब के प्रबल दावेदारों में से एक न्यूजीलैंड को 34 रन से हराकर आईसीसी महिला विश्व टी20 में अपने अभियान का शानदार आगाज किया.

हरमनप्रीत कौर (Photo Credit: Getty)

प्रोविडेन्स: कप्तान हरमनप्रीत के रिकार्ड शतक और युवा जेमिमा रोड्रिग्स के साथ उनकी शतकीय साझेदारी से भारत ने शुक्रवार को यहां खिताब के प्रबल दावेदारों में से एक न्यूजीलैंड को 34 रन से हराकर आईसीसी महिला विश्व टी20 में अपने अभियान का शानदार आगाज किया. हरमनप्रीत ने ग्रुप बी के इस मैच में छठे ओवर में क्रीज पर कदम रखा और 51 गेंदों पर 103 रन की लाजवाब पारी खेली जो इस प्रारूप में किसी भारतीय का पहला शतक है। उनकी पारी में सात चौके और आठ गगनदायी छक्के शामिल हैं. रोड्रिग्स ने 45 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 59 रन बनाये जो उनका सर्वोच्च स्कोर है. इन दोनों ने चौथे विकेट के लिये 134 रन जोड़े जिससे टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाले भारत पांच विकेट पर 194 रन बनाये जो इस टूर्नामेंट का नया रिकार्ड है.

न्यूजीलैंड की टीम सूजी बेट्स की 50 गेंदों पर 67 रन की पारी के बावजूद नौ विकेट पर 160 रन ही बना सकी. कैटी मार्टिन ने भी 25 गेंदों पर 39 रन बनाये लेकिन इससे हार का अंतर ही कम हो पाया. अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय खेल रही दयालन हेमलता और पूनम यादव ने भारत की तरफ से तीन-तीन जबकि राधा यादव ने दो विकेट लिये. हरमनप्रीत टी20 अंतरराष्ट्रीय में शतक जड़ने वाली पहली भारतीय बल्लेबाज बन गयी हैं. इससे पहले भारत की तरफ से सर्वाधिक स्कोर मिताली राज (नाबाद 97) के नाम पर था. यही नहीं हरमनप्रीत और रोड्रिग्स ने भारत के लिये पहली बार चौथे विकेट के लिये शतकीय साझेदारी निभायी. भारत ने विश्व टी20 में सर्वाधिक स्कोर भी बनाया. उसने आस्ट्रेलिया (चार विकेट 194 रन बनाम आयरलैंड, 2014) का रिकार्ड तोड़ा. यह भी पढ़ें-महिला टी-20 वर्ल्डकप: जीत के लिए भारतीय खिलाड़ी रोहित शर्मा ने महिला टीम को दी शुभकामनाएं

भारतीय कप्तान ने जेस वाटकिन को विशेष निशाने पर रखा. उन पर उन्होंने शुरू में दो छक्के लगाये और बाद में भी इस आफ स्पिनर को फिर यही सबक सिखाकर मिताली के स्कोर की बराबरी की. हरमनप्रीत ने आखिरी ओवर में 49 गेंदों पर शतक पूरा किया और इस तरह से वेस्टइंडीज की डींड्रा डोटिन और आस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग के बाद विश्व टी20 में सैकड़ा जड़ने वाली तीसरी बल्लेबाज बनी. न्यूजीलैंड ने बड़े लक्ष्य के सामने सकारात्मक शुरुआत की. बेट्स ने शुरू से ही भारतीय गेंदबाजों पर हावी होने की रणनीति अपनायी. उनके प्रयास से न्यूजीलैंड पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 51 रन बनाने में सफल रहा. भारतीयों ने इसके बाद शानदार वापसी की तथा अगले चार ओवरों में केवल 23 रन देकर तीन विकेट लिये.

हेमलता ने अपने पहले ओवर में ही अन्ना पीटरसन (14) को विकेटकीपर तानिया भाटिया के हाथों कैच कराकर भारत का पहली सफलता दिलायी जबकि पूनम ने अनुभवी सोफी डिवाइन (नौ) और जेस वाटकिन (शून्य) को लगातार गेंदों पर पवेलियन भेजकर भारतीयों में जोश भर दिया. बेट्स ने एक छोर संभाले रखा और 38 गेंदों पर अपना पचासा पूरा किया जो उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 20वां अर्धशतक है. लेकिन उन्हें दूसरी तरफ से सहयोग नहीं मिल रहा था. हेमलता ने अपने दूसरे स्पैल में कीवी कप्तान एमी सैथरवाइट को आउट किया जिन्होंने नौ गेंदों पर तीन रन बनाये. बेट्स ने भी मध्यम गति की गेंदबाज अरूंधति रेड्डी की फुलटास पर बैकवर्ड प्वाइंट पर हेमलता को कैच थमा दिया जिससे भारत की बड़ी जीत सुनिश्चित हो गयी. बेटस ने अपनी पारी में आठ चौके लगाये. इसके बाद मार्टिन और लीग कास्पेरेक (19) ने कुछ रन जुटाये लेकिन वे जीत के लिये पर्याप्त नहीं थे.

इससे पहले हरमनप्रीत ने शुरू में वाटकिन पर मिडिवकेट और मिडआफ पर छक्के जड़कर भारतीय टीम में उत्साह भरा जो पहले तीन विकेट 40 रन पर निकलने से एक समय संकट में थी. भारत ने शीर्ष क्रम में बदलाव के बाद पारी का आगाज करने उतरी तानिया भाटिया (नौ), लगातार छठे मैच में दोहरे अंक में पहुंचने में नाकाम रही स्मृति मंदाना (दो) और हेमलता (15) के विकेट जल्दी गंवा दिये थे. सलामी बल्लेबाज रोड्रिग्स ने हालांकि शुरू से एक छोर संभाले रखा और ढीली गेंदों पर अपने शॉट खेले. लीय तुहुहु की आफस्टंप की तरफ जा रही गेंद पर मिडविकेट पर लगाया गया उनका चौका दर्शनीय था.

भारत ने 14वें ओवर में तिहाई का अंक छुआ. इस ओवर में सैथरवाइट ने स्वयं गेंद संभाली थी और हरमनप्रीत ने इस आफ स्पिनर पर दो दर्शनीय छक्के लगाये. कास्परेक जब अपना दूसरा स्पैल करने आयी तो हरमनप्रीत ने छक्के से उनका स्वागत किया. उन्होंने 19वें ओवर में वाटकिन पर दो छक्के लगाकर अपना सैकड़ा सुनिश्चित किया. अठारह वर्षीय जेमिमा ने भी अपनी कप्तान का पूरा साथ दिया तथा 39 गेंदों पर अपना चौथा अर्धशतक पूरा किया. वह हालांकि अपना सर्वोच्च स्कोर बनाने के बाद पवेलियन लौट गयी. हरमनप्रीत ने आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर विकेट के पीछे कैच दिया लेकिन तब तक वह खुद के और टीम के नाम पर कुछ नये रिकार्ड लिखवा चुकी थी. न्यूजीलैंड की तरफ से तुहुहु सबसे सफल गेंदबाज रही. उन्होंने तीन ओवर में 18 रन देकर दो विकेट लिये.

Share Now

संबंधित खबरें

Australia vs Ireland, T20 World Cup 2026 14th Match Live Streaming In India: ऑस्ट्रेलिया बनाम आयरलैंड के बीच आज खेला जाएगा रोमांचक मुकाबला, यहां जानें भारत में कब, कहां और कैसे उठाए लाइव मुकाबले का लुफ्त

South Africa vs Afghanistan, T20 World Cup 2026 13th Match Scorecard: अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका ने अफगानिस्तान के सामने रखा 188 रनों का टारगेट, क्विंटन डी कॉक और रयान रिकेलटन ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

South Africa vs Afghanistan, T20 World Cup 2026 13th Match Live Score Update: अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका बनाम अफगानिस्तान के बीच खेला जा रहा हैं रोमांचक मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Abhishek Sharma Hospitalised: स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा अस्पताल में भर्ती, नामीबिया के खिलाफ मैच खेलना संदिग्ध, जानें क्या हुआ?

\