FIFA World Cup 2026 Semi Final Schedule: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के चारों सेमीफाइनलिस्ट तय, जानें भारत में कब और कितने बजे खेले जाएंगे मुकाबले
फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में फ्रांस और स्पेन की सिर्फ एक बार भिड़ंत हुई है. 2006 वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ-16 में फ्रांस ने स्पेन को 3-1 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया था. ऐसे में विश्व कप के मंच पर फ्रांस का रिकॉर्ड बेहतर है. दोनों टीमों के मौजूदा फॉर्म को देखते हुए इस मुकाबले के बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है.
FIFA World Cup 2026 Semi Final Schedule: फीफा वर्ल्ड कप 2026 अब अपने अंतिम और सबसे रोमांचक चरण में पहुंच चुका है. क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चारों टीमों का फैसला हो गया है. इंग्लैंड, अर्जेंटीना, फ्रांस और स्पेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम-4 में अपनी जगह बनाई है. भारतीय समयानुसार 12 जुलाई को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में इंग्लैंड ने नॉर्वे को 2-1 से हराया, जबकि अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को 3-1 से मात देकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया. अब फुटबॉल फैंस की नजरें दोनों हाई-वोल्टेज सेमीफाइनल मुकाबलों पर टिकी होंगी. आइए जानते हैं कि दोनों मुकाबले कब, कहां और भारतीय समयानुसार कितने बजे खेले जाएंगे. FIFA World Cup 2026: पहली बार रचा गया इतिहास, दुनिया की टॉप-4 रैंकिंग वाली टीमें पहुंचीं सेमीफाइनल; अर्जेंटीना, स्पेन, फ्रांस और इंग्लैंड ने किया कमाल
15 जुलाई की रात खेला जाएगा फ्रांस और स्पेन का पहला सेमीफाइनल
फीफा वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल फ्रांस और स्पेन के बीच खेला जाएगा. यह मुकाबला भारतीय समयानुसार 15 जुलाई की रात 12:30 बजे शुरू होगा. दोनों यूरोपीय दिग्गज टीमों के बीच अब तक कुल 38 आधिकारिक मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें स्पेन ने 18, जबकि फ्रांस ने 13 मैच जीते हैं. सात मुकाबले ड्रॉ रहे हैं. हालांकि हालिया रिकॉर्ड स्पेन के पक्ष में रहा है, लेकिन वर्ल्ड कप इतिहास अलग कहानी बयां करता है.
फीफा वर्ल्ड कप में स्पेन पर भारी पड़ा है फ्रांस
फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में फ्रांस और स्पेन की सिर्फ एक बार भिड़ंत हुई है. 2006 वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ-16 में फ्रांस ने स्पेन को 3-1 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया था. ऐसे में विश्व कप के मंच पर फ्रांस का रिकॉर्ड बेहतर है. दोनों टीमों के मौजूदा फॉर्म को देखते हुए इस मुकाबले के बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है.
16 जुलाई की रात होगा अर्जेंटीना और इंग्लैंड का महामुकाबला
डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराकर लगातार दूसरी बार सेमीफाइनल में जगह बनाई है. अब उसका सामना इंग्लैंड से होगा. यह मुकाबला भारतीय समयानुसार 16 जुलाई की रात 12:30 बजे अटलांटा के मर्सिडीज-बेंज स्टेडियम में खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे चर्चित मैच माना जा रहा है.
वर्ल्ड कप में इंग्लैंड का पलड़ा थोड़ा भारी
फीफा वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच अब तक पांच मुकाबले खेले गए हैं. इनमें इंग्लैंड ने तीन मैच जीते हैं, जबकि अर्जेंटीना ने दो मुकाबलों में जीत दर्ज की है. दोनों टीमों ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचती है या इंग्लैंड उसकी राह रोकने में सफल रहता है.
FIFA World Cup 2026 Semi Final Schedule
फ्रांस बनाम स्पेन
तारीख: 15 जुलाई 2026 (भारतीय समयानुसार)
समय: रात 12:30 बजे
स्थान: AT&T स्टेडियम, आर्लिंग्टन, टेक्सास (अमेरिका).
अर्जेंटीना बनाम इंग्लैंड
तारीख: 16 जुलाई 2026 (भारतीय समयानुसार)
समय: रात 12:30 बजे
स्थान: मर्सिडीज-बेंज स्टेडियम, अटलांटा (अमेरिका).