आईपीएल 2019: पहले मुकाबले में चेन्नई 7 विकेट से जीता, बेंगलुरु को लगातार सातवें मैच में हराया

चेन्नई की ओर से हरभजन और इमरान ताहिर ने तीन-तीन जबकि रवींद्र जडेजा ने दो और ड्वैन ब्रावो ने एक विकेट लिया।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और चेन्नई सुपर किंग्स (Photo Credit- File Photo)

चेन्नई. मौजूदा चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण के पहले मैच में विजयी शुरुआत करते हुए शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को सात विकेट से हरा दिया। चेन्नई ने यहां एमए चिदंबरम स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए बेंगलोर को 17.1 ओवर में 70 रन पर ढेर कर दिया और फिर तीन विकेट खोकर 17.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

बेंगलोर से मिले 71 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत भी खराब रही और टीम ने आठ रन के स्कोर पर शेन वाटसन (0) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद अंबाती रायडू (28) और सुरेश रैना (19) ने दूसरे विकेट के लिए 32 रन की साझेदारी की।

मोइन अली ने रैना को सीमा रेखा पर शिवम दुबे के हाथों कैच कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। रैना ने 21 गेंदों पर तीन चौके लगाए। रैना ने इसके साथ ही आईपीएल में अपने 5000 रन भी पूरे कर लिए और वह ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। यह भी पढ़े-IPL 2019: RCB ने चेन्नई को 71 रन का लक्ष्य दिया, ताहिर और हरभजन ने 3-3 विकेट लिए

रैना के आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए आए केदार जाधव (नाबाद 12) ने रायडू के साथ तीसरे विकेट के लिए 19 रन की साझेदारी की। रायडू टीम के 59 के स्कोर पर तीसरे बल्लेबाज के रूप में आउट हुए।

रायडू ने 42 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाया। जाधव ने 19 गेंदों पर एक चौके की मदद नाबाद 13 और रवींद्र जडेजा ने 15 गेंदों पर नाबाद छह रन बनाकर टीम को जीत दिला दी।

बेंगलोर की ओर से युजवेंद्र चहल, मोइन और मोहम्मद सिराज ने एक-एक विकेट लिया।

इससे पहले, अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह की अगुवाई में अपने स्पिन गेंदबाजों के बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को 70 रन पर ढेर कर दिया।

आईपीएल के इतिहास में यह छठा न्यूनतम स्कोर है। वहीं, बेंगलोर का लीग में यह दूसरा न्यूनतम स्कोर है। लीग में बेंगलोर का न्यूनतम स्कोर 49 रन है, जो उसने 2017 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बनाया था।

चेन्नई के कप्तान धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। चेन्नई के गेंदबाजों ने अपने कप्तान के फैसले पर खरा उतरते हुए 50 रन के अंदर ही बेंगलोर के छह विकेट झटक लिए। इसके बाद टीम 20 रन और जोड़कर 17.1 ओवर में 70 रन पर सिमट गई।

बेंगलोर के लिए सलामी बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने अंत तक एक छोर संभाले रखा। लेकिन दूसरे छोर पर विकेटों के लगातार गिरने के कारण पटेल भी कुछ खास नहीं कर सके। उन्होंने 35 गेंदों पर दो चौकों की मदद से सर्वाधिक 29 रन बनाए।

पटेल के अलावा बेंगलोर का और कोई भी बल्लेबाज दहाई के अंकों तक नहीं पहुंच पाया। मोइन अली और अब्राहम डिविलियर्स ने नौ-नौ रन का योगदान दिया।

चेन्नई की ओर से हरभजन और इमरान ताहिर ने तीन-तीन जबकि रवींद्र जडेजा ने दो और ड्वैन ब्रावो ने एक विकेट लिया।

आईपीएल के इतिहास में यह दूसरा मौका है जब चेन्नई के स्पिनरों ने मैच में आठ विकेट लिए हैं। इससे पहले 2012 में डेक्कन चाजर्स के खिलाफ चेन्नई के स्पिनरों ने आठ विकेट झटके थे।

Share Now

संबंधित खबरें

SRH vs CSK, IPL 2026 27th Match Hyderabad Pitch Report: राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में बल्लेबाजों का रहेगा दबदबा या गेंदबाज दिखाएंगे कमाल, मैच से पहले जानें पिच रिपोर्ट

SRH vs CSK, IPL 2026 27th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा सनराइजर्स हैदराबाद बनाम चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

SRH vs CSK, IPL 2026 27th Match Stats And Preview: टूर्नामेंट के 27वें मुकाबले में जीत की राह पर लौटना चाहेंगी सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपरकिंग्स, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू

Will MS Dhoni Play Today: क्या कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आज मैदान में उतरेंगे एमएस धोनी? जानें अपडेट