टेस्ट क्रिकेट में दिलचस्पी बढ़ाने के लिए कायाकल्प करना जरूरी: सौरव गांगुली
भारत में पहले दिन-रात्रि टेस्ट के आयोजन में अहम भूमिका निभाने वाले बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने रविवार को कहा कि खेल के पारंपरिक प्रारूप में दिलचस्पी बढ़ाने के लिए ‘कायाकल्प की आवश्यकता है’.
कोलकाता: भारत में पहले दिन-रात्रि टेस्ट (Test Match) के आयोजन में अहम भूमिका निभाने वाले बीसीसीआई (BCCI) अध्यक्ष सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) ने रविवार को कहा कि खेल के पारंपरिक प्रारूप में दिलचस्पी बढ़ाने के लिए ‘कायाकल्प की आवश्यकता है’.
भारतीय टीम ने घरेलू मैदान पर इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला खेली थी जहां मैदान में दर्शकों की काफी कमी रही लेकिन शुक्रवार से शुरू होने वाले दिन रात्रि टेस्ट के पहले तीन दिनों के टिकट बिक चुके हैं. सौरव गांगुली ने कहा- मैं अपनी उम्मीदें खुद बनाता हूं
पिछले महीने बोर्ड अध्यक्ष बनने के बाद भारत में पहले दिन-रात्रि टेस्ट मैच का बीड़ा उठाने वाले गांगुली ने कहा, ‘‘आगे बढ़ने का यही तरीका है, टेस्ट क्रिकेट को कायाकल्प की जरूरत है.’’
पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘ यह दुनिया भर में हो रहा है. कहीं से इसे शुरू करना ही था. भारत क्रिकेट के मामले में सबसे बड़ा देश है. मुझे लगता है कि यह बदलाव जरूरी है.’’
बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के अध्यक्ष के रूप में गांगुली ने भारत-पाकिस्तान टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के 2016 में धर्मशाला से स्थानांतरित होने के बाद कम समय में सफलतापूर्वक आयोजन किया था. उन्होंने हालांकि कहा कि दिन रात्रि टेस्ट का आयोजन अधिक चुनौतीपूर्ण है.
भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘हमारे पास दर्शकों को मैदान में लाने की चुनौती है. दुनिया के किसी भी कोने में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले मैच का स्टेडियम खचाखच भर जाएगा. आप जैसे ही घोषणा करेंगे दर्शक पहुंच जाएंगे.’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह (दिन रात्रि टेस्ट) अधिक चुनौतीपूर्ण है. मैं इस बात को लेकर संतुष्ट हूं की पहले तीन दिन के 65,000 टिकट बिक गये हैं.’’
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 17, 2019 11:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

