Asia Cup 2023 Final: 8वीं बार टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा एशिया कप का फाइनल मुकाबला, यहां जानें किसका रहा दबदबा
India vs Sri Lanka: इस बार एशिया कप का फाइनल मुकाबला टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच रविवार यानी 17 सितंबर को खेला जाएगा. टूर्नामेंट में दोनों के बीच यह 8वीं खिताबी भिड़ंत होगी.
मुंबई: एशिया कप 2023 (Asia Cup 2023) का आखिरी सुपर फोर मुकाबला शुक्रवार को समाप्त हो गया. एशिया कप 2023 को टीम इंडिया (Team India) और श्रीलंका (Sri Lanka) के रूप में दो फाइनलिस्ट मिली. टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला रविवार यानी 17 सितंबर को कोलंबो (Colombo) के आर प्रेमदासा स्टेडियम (R Premadasa Stadium) में खेला जाएगा. टीम इंडिया एशिया कप के फाइनल में जगह बनाने वाली पहली टीम बनी थी. इसके बाद श्रीलंका ने सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान (Pakistan) को हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटवाया.
एशिया कप में ऐसा पहली बार नहीं हो रहा कि जब फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने हैं. इससे पहले दोनों टीमें फाइनल में 7 बार एक दूसरे को कांटे की टक्कर दे चुकी हैं. IND vs SL, Asia Cup Final 2023: कल खेला जाएगा टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच महामुकाबला, फाइनल में इन धुरंधर खिलाड़ियों पर होगी सबकी नजर
बता दें कि टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच सबसे पहला फाइनल साल 1988 में खेला गया था जिसमें टीम इंडिया ने जीत अपने नाम दर्ज की थी. दोनों के बीच अब तक खेले गए 7 फाइनल मुकाबलों में टीम इंडिया ने 4 बार खिताब पर कब्ज़ा किया है. जबकि श्रीलंका ने 3 बार ही खिताबी मुकाबला जीता है. दोनों टीमों के बीच दूसरा खिताबी मुकाबला साल 1991 में खेला गया, जिसमें एक बार फिर टीम इंडिया ने श्रीलंका को करारी शिकस्त दी. फिर साल 1995 में दोनों के बीच खेले गए खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया ने फिर ख़िताब पर कब्ज़ा जमाया.
एशिया कप में टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच अब तक खेले गए फाइनल में विजेता
1988- टीम इंडिया
1991- टीम इंडिया
1995- टीम इंडिया
1997- श्रीलंका
2004- श्रीलंका
2008- श्रीलंका
2010- टीम इंडिया.
पहले टीम इंडिया फिर श्रीलंका ने लगाई खिताबी जीत की हैट्रिक
एशिया कप में टीम इंडिया और श्रीलंका बीच खेले गए खिताबी मुकाबलों में पहले टीम इंडिया ने लागतार तीन बार ख़िताब जीतकर हैट्रिक लगाई. इसके बाद साल 1997, 2004 और 2008 में श्रीलंका ने टीम इंडिया के खिलाफ एशिया कप के फाइनल में लगातार तीन जीत हासिल कर हैट्रिक दर्ज की. हालांकि इसके बाद दोनों के बीच आखिरी खिताबी भिड़ंत साल 2010 में हुई, जिसमें टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज कर बढ़त अपने नाम कर ली. अब देखना दिलचस्प होगा कि रविवार को खेले जाने वाले खिताबी मुकाबले में कौन सी टीम ख़िताब अपने नाम करने में कामयाब होती है. क्या दोनों बीच खिताबी भिड़ंत में बराबरी हो जाती है या टीम इंडिया बढ़त कायम रखती है.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 16, 2023 07:09 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

