क्रिकेट

डोप में प्रतिबंधित अभिषेक गुप्ता के स्थान पर अक्षय वाड़कर को इंडिया रेड टीम में मिली जगह

अभिषेक ने हालांकि अपनी गलती मान ली थी और कहा था कि उन्होंने उन दवाओं को सेवन अनजाने में किया है क्योंकि उन्हें दवाइयां लेने को कहा गया था. बीसीसीआई ने अभिषेक के बयान पर संतुष्टि जताई थी और आठ महीने का प्रतिबंध लगाया था.

डोप में प्रतिबंधित अभिषेक गुप्ता के स्थान पर अक्षय वाड़कर को इंडिया रेड टीम में मिली जगह
अक्षय वाड़कर (Photo Credit-PTI)

नई दिल्ली. बीते सीजन में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में प्रतिबंधित पदार्थ लेने के दोषी पाए जाने वाले पंजाब के विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक गुप्ता को सोमवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की चयन समिति ने दलीप ट्रॉफी के लिए चुनी गई इंडिया-रेड टीम में जगह दी थी हालांकि बीसीसीआई ने जल्द ही अपनी गलती सुधारते हुए अभिषेक के स्थान पर अक्षय वाड़कर को इंडिया रेड टीम में शामिल किया है. वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, दलीप ट्रॉफी 17 अगस्त से आठ सितंबर के बीच खेली जाएगी. बीसीसीआई ने सोमवार देर रात एक बयान जारी कर अभिषेक के स्थान पर अक्षय को टीम में शामिल करने की जानकारी दी.

बयान के अनुसार, "बीसीसीआई की डोपिंग रोधी टीम ने बोर्ड के संज्ञान में यह बात लाई कि इंडिया रेड में चुने गए डोपिंग के दोषी अभिषेक पर आठ महीने का प्रतिबंध लगाया गया था जो इसी साल 14 सितंबर को समाप्त हो रहा है.चयन समिति ने अभिषेक के स्थान पर अक्षय को इंडिया रेड टीम में चुना है."

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान अभिषेक का 15 जनवरी को परीक्षण हुआ था. इस परीक्षण में अभिषेक के मूत्र के नमूने में विश्व डोपिंग रोधी नियम (वाडा) द्वारा प्रतिबंधित पदार्थ के अंश मिले थे जिसके बाद बीसीसीआई ने उन पर जून में आठ महीनों का प्रतिबंध लगाया था.

अभिषेक ने हालांकि अपनी गलती मान ली थी और कहा था कि उन्होंने उन दवाओं को सेवन अनजाने में किया है क्योंकि उन्हें दवाइयां लेने को कहा गया था. बीसीसीआई ने अभिषेक के बयान पर संतुष्टि जताई थी और आठ महीने का प्रतिबंध लगाया था.

अभिषेक ने पिछले साल अक्टूबर में पंजाब की टीम के साथ प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया था.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 23, 2018 11:55 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).