2028 Women T20 World Cup Qualified Teams: इंग्लैंड और वेल्स की मेजबानी में खेले जा रहे आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप (ICC Women's T20 World Cup 2026) का रोमांच अपने चरम पर है. नॉकआउट चरण की शुरुआत नजदीक है, लेकिन इसी बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने 2028 महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने वाली टीमों को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. अब तक कुल 9 टीमों ने अगले महिला टी20 विश्व कप में अपनी जगह पक्की कर ली है. खास बात यह है कि ग्रुप स्टेज से बाहर हो चुकी पाकिस्तान टीम भी 2028 के टूर्नामेंट में खेलती नजर आएगी. यह भी पढ़ें: India vs Ireland, 2nd T20I Match Belfast Weather Update: बेलफास्ट में बारिश बनेगी विलेन या फैंस देख पाएंगे पूरा मुकाबला? दूसरे टी20 से पहले जानें मौसम और पिच का हाल
8 टीमों को मिली सीधी एंट्री
आईसीसी के नियमों के अनुसार महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने वाली 12 टीमों को 6-6 टीमों के दो ग्रुप में बांटा गया था. दोनों ग्रुप की शीर्ष चार-चार टीमों ने सीधे 2028 महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है.
दोनों ग्रुप से अब तक दो-दो टीमें बाहर हो चुकी हैं. ऐसे में भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, श्रीलंका और वेस्टइंडीज ने अगले महिला टी20 विश्व कप में अपनी जगह पक्की कर ली है.
मेजबान होने के नाते पाकिस्तान को मिला स्थान
पाकिस्तान महिला टीम 2026 महिला टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ सकी, लेकिन इसके बावजूद उसे 2028 सीजन के लिए सीधी एंट्री मिल गई है. इसकी वजह यह है कि 2028 महिला टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी पाकिस्तान करेगा. आईसीसी के नियमों के अनुसार मेजबान देश को सीधे टूर्नामेंट में जगह मिलती है. इसी कारण पाकिस्तान 2028 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाली नौवीं टीम बन गया है.
10वीं टीम का फैसला रैंकिंग से होगा
2028 महिला टी20 वर्ल्ड कप में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी. अब 10वीं टीम का फैसला 6 जुलाई के बाद जारी होने वाली आईसीसी महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग के आधार पर किया जाएगा. मौजूदा रैंकिंग के अनुसार आयरलैंड इस स्थान के लिए सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है और फिलहाल वह दुनिया की नौवें नंबर की टीम है.
वहीं टूर्नामेंट के बाकी दो स्थान ICC Women's T20 World Cup Global Qualifier के जरिए तय किए जाएंगे. इस तरह 2028 महिला टी20 वर्ल्ड कप की 12 टीमों का पूरा लाइनअप आने वाले महीनों में स्पष्ट हो जाएगा.












QuickLY