एशियाई खेल 2018: दक्षिण कोरिया को 4-1 से मात देकर भारतीय महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में पहुंची
भारतीय महिला हॉकी टीम ने 18वें एशियाई खेलों के अपने तीसरे ग्रुप मैच में शनिवार को मौजूदा चैम्पियन दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया.
जकार्ता: चौथे क्वार्टर में तीन मिनट के अंदर किए गए तीन गोलों की बदौलत भारतीय महिला हॉकी टीम ने 18वें एशियाई खेलों के अपने तीसरे ग्रुप मैच में शनिवार को मौजूदा चैम्पियन दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया. भारतीय टीम की यह लगातार तीसरी जीत है. भारत के लिए ग्रुप-बी के इस मैच में नवनीत कौर ने 16वें, गुरजीत कौर ने 54वें और 55वें जबकि वंदना कटारिया ने 56वें मिनट में गोल किए.
वहीं, यूरिम ने 21वें मिनट में दक्षिण कोरिया के लिए एकमात्र गोल किया. यह गोल पेनाल्टी स्ट्रोक पर हुआ.
भारत के लिए यह अब तक का सबसे कठिन मैच था और इसी कारण भारतीय महिलाओं ने सावधान शुरुआत की. कोरियाई टीम भी सावधान थी. पहला क्वार्टर खाली जाने के बाद दोनों टीमों ने एक दूसरे के खिलाफ जमकर हमले किए.
इस क्रम में भारत ने दूसरे क्वार्टर के शुरूआत में ही पहली सफलता हासिल की. लेकिन चार मिनट बाद ही पेनाल्टी स्ट्रोक पर गोल करते हुए कोरिया ने बराबरी कर ली.
तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों में से कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई. ऐसा लग रहा था कि मौजूदा चैम्पियन टीम भारत को बराबरी पर रोक लेगी, लेकिन चौथे क्वार्टर के अंतिम मिनटों में भारत ने दो पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर मैच अपने पक्ष में कर लिया.
वल्र्ड नंबर-9 भारत ने 3-1 से बढ़त लेने के एक मिनट बाद ही एक और मैदानी गोल कर मैच 4-1 से अपने नाम कर लिया.
भारत ने अपने पहले मैच में इंडोनेशिया को 8-0 से और कजाकिस्तान को रिकार्ड 21-0 से हराया था. भारतीय टीम पूल-बी के अपने चौथे और आखिर मैच में सोमवार को थाईलैंड से भिड़ेगी.
वहीं, भारतीय पुरुष टीम पूल-बी के अपने चौथे मैच में रविवार को दक्षिण कोरिया के खिलाफ मुकाबले में उतरेगी. मौजूदा एशियई चैम्पियन पुरुष टीम अपने शुरुआती तीन मैच जीत चुकी है.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 26, 2018 09:51 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

