Ashes Test In India? भारत में खेली जा सकती है ऐतिहासिक एशेज टेस्ट, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय सरजमीं पर मैच कराने के दिए संकेत
ऑस्ट्रेलिया ने हाल ही में 2025-26 एशेज सीरीज 4-1 से अपने नाम की थी. अब अगली एशेज सीरीज 2027 में इंग्लैंड की मेजबानी में खेली जाएगी. इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच 11 से 15 मार्च 2027 तक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में एक विशेष डे-नाइट (पिंक बॉल) टेस्ट मैच भी खेला जाएगा. यह मुकाबला दोनों देशों के बीच 1877 में खेले गए पहले टेस्ट मैच की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया जाएगा.
Ashes Test In India? क्रिकेट की सबसे प्रतिष्ठित प्रतिद्वंद्विता एशेज (Ashes) को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने भविष्य में भारत की धरती पर ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज टेस्ट मैच आयोजित करने की संभावना से इनकार नहीं किया है. हालांकि फिलहाल इसको लेकर कोई आधिकारिक योजना नहीं बनी है, लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) टॉड ग्रीनबर्ग ने साफ कहा है कि इस विचार पर चर्चा की जा सकती है. अगर ऐसा होता है तो 1882 से चली आ रही एशेज इतिहास में पहली बार ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के अलावा किसी तीसरे देश में खेली जाएगी. Ashes Series 2027 Full Schedule: एशेज 2027 के शेड्यूल का ऐलान, 18 जून से इंग्लैंड में शुरू होगी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज; ट्रेंट ब्रिज में होगा पहला मुकाबला
बीबीसी के Stumped पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान टॉड ग्रीनबर्ग ने कहा कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के बीच अच्छे संबंध हैं. ऐसे में भारत जैसे बड़े क्रिकेट बाजार में एशेज जैसी ऐतिहासिक सीरीज का एक टेस्ट आयोजित करने की संभावनाओं पर विचार किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट बाजार है और यहां टेस्ट क्रिकेट के लिए जबरदस्त दर्शक वर्ग मौजूद है.
टेस्ट क्रिकेट को बढ़ावा देने की रणनीति
टॉड ग्रीनबर्ग का मानना है कि मौजूदा दौर में जहां टी20 क्रिकेट का दबदबा लगातार बढ़ रहा है, वहीं ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और भारत में टेस्ट क्रिकेट की लोकप्रियता अब भी मजबूत बनी हुई है. ऐसे में एशेज जैसी प्रतिष्ठित प्रतिद्वंद्विता को नए दर्शकों तक पहुंचाना टेस्ट क्रिकेट के भविष्य के लिए अहम कदम साबित हो सकता है.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पहले ही भारत में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की दिशा में कदम उठा चुका है. इसी रणनीति के तहत इस साल दिसंबर में बिग बैश लीग (BBL) का मुकाबला चेन्नई में मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच खेला जाएगा. इसका उद्देश्य विदेशी बाजारों में क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ाना है.
BCCI, ECB और CA की मंजूरी होगी जरूरी
अगर भारत में एशेज टेस्ट कराने की योजना आगे बढ़ती है तो इसके लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया, ECB और BCCI तीनों बोर्ड की सहमति जरूरी होगी. इसके अलावा पहले से व्यस्त अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर में इस मुकाबले के लिए समय निकालना भी बड़ी चुनौती होगी. टॉड ग्रीनबर्ग ने भी माना कि साल में केवल 365 दिन होने के कारण अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों का संतुलन बनाना आसान नहीं है.
2027 में इंग्लैंड की मेजबानी में होगी अगली एशेज
ऑस्ट्रेलिया ने हाल ही में 2025-26 एशेज सीरीज 4-1 से अपने नाम की थी. अब अगली एशेज सीरीज 2027 में इंग्लैंड की मेजबानी में खेली जाएगी. इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच 11 से 15 मार्च 2027 तक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में एक विशेष डे-नाइट (पिंक बॉल) टेस्ट मैच भी खेला जाएगा. यह मुकाबला दोनों देशों के बीच 1877 में खेले गए पहले टेस्ट मैच की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया जाएगा. हालांकि यह मुकाबला एशेज सीरीज का हिस्सा नहीं होगा.
फिलहाल भारत में एशेज टेस्ट कराने को लेकर कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है, लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की सकारात्मक सोच ने क्रिकेट जगत में नई चर्चा जरूर छेड़ दी है. अगर भविष्य में यह प्रस्ताव हकीकत बनता है तो भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों को अपने घर में क्रिकेट की सबसे ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्विता देखने का मौका मिल सकता है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 24, 2026 12:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

